2020/09/27

RJD नेता तेजस्वी का चुनावी वादा, हमारी सरकार बनी तो 10 लाख बेरोजगार युवाओं को देंगे नौकरी

BIHAR-PATNA-बिहार विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान होते ही सभी दल अपनी अपनी जीत के लिए दावे प्रतिदावे कर रहे हैं वहीं वोटरों को लुभाने के लिए नित नई घोषणाएं भी की जा रही है। 
इसी कड़ी में चुनाव से पहले ही बिहार के युवाओं और बेरोजगारों पर फोकर रखने वाले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने ऐलान किया है कि हमारी सरकार बनेगी तो हम 10 लाख नौकरी देंगे। तेजस्वी यादव लगातार युवाओं पर फोकस कर रहे हैं।


 राजद की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने कहा कि हमने 5 अगस्त को बेरोजगारी को लेकर एक पोर्टल बनाया था। इसमें 9 लाख 47,324 हजार बेरोजगारों ने रजिस्टर किया है।

तेजस्वी यादव ने बिहार में कितने पद खाली हैं इसका ब्यौरा दिया। तेजस्वी यादव ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा में 2.5 लाख कर्मियों की जरूरत है जबकि 50 हजार पुलिसकर्मियों का पद बिहार में रिक्त है। 


इससे एक दिन पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने बिहार में उद्योग-धंधों को लेकर नीतीश सरकार पर तंज कसते हुए कहा था कि 15 वर्षों में बिहार काफी पीछे चला गया है। शनिवार को ट्वीट करते हुए तेजस्वी यादव ने लिखा कि उद्योग संवर्धन एवं आंतरिक व्यापार में बिहार 26वें नंबर पर है। उन्होंने कहा कि राज्य में निवेश और उद्योग लगाने में बिहार सबसे फिसड्डी राज्य है। तेजस्वी ने कहा कि उदारीकरण के बाद 15 वर्षों से सत्ता संभाल रहे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए सरकार इन आंकड़ों पर बात क्यों नहीं करते।