रिया को एनसीबी के डिप्टी डायरेक्टर केपीएस मल्होत्रा ने गिरफ्तार किया है। इसके बाद एक्ट्रेस को मेडिकल कराने के लिए ले जाया गया। रिया करीब साढ़े 10 बजे कार से दक्षिण मुंबई के बलार्ड एस्टेट स्थित एनसीबी के दफ्तर पहुंची थीं। इस दौरान मुंबई पुलिस गाड़ी उनकी सुरक्षा के लिए कार के साथ-साथ चल रही थी। एनसीबी ने रिया से रविवार को छह घंटे और सोमवार को आठ घंटे तक पूछताछ की थी।
सुशांत सिंह राजपूत की गर्लफ्रेंड रहीं रिया चक्रवर्ती की गिरफ्तारी के बाद बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे ने कहा कि इस मामले में उजागर हो गया कि रिया चक्रवर्ती के ड्रग पैडलर्स के साथ संबंध थे। यह अब पुख्ता हो गया, जिसकी वजह से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को उसके खिलाफ जरूर सबूत मिले होंगे।
इससे पहले, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने कहा था कि ड्रग्स मामले में रिया का सहयोग मिल रहा है। 4 जून को 34 वर्षीय राजपूत मुंबई के बांद्रा के अपने फ्लैट में मृत पाए गए थे।
रिया से सोमवार को पूछताछ करने के बाद एनसीबी के उप महानिदेशक (दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र) मुथा अशोक जैन ने पत्रकारों से कहा था कि एजेंसी पेशेवर और व्यवस्थागत तरीके से अपना काम कर रही है और इस मामले में सामने आए तथ्यों की विस्तृत जानकारी अदालत को देगी। एजेंसी ने कहा कि वह 28 वर्षीय रिया से पूछताछ करने के साथ उसके भाई शौविक चक्रवर्ती (24), सैमुअल मिरांडा (33), घर में काम करने वाले दीपक सांवत से सामना कराकर मामले में और पता लगाना चाहती है।