जदयू के तीन दलित मंत्रियों महेश्वर हजारी, संतोष निराला, रमेश ऋषिदेव ने राजेश त्यागी को पार्टी की सदस्यता दिलायी. जदयू की सदस्यता लेने के बाद राजेश त्यागी ने कहा कि नीतीश कुमार से बड़ा दलितों का शुभचिंतक नेता देश में कोई नहीं है.
आपको बता दें कि इससे पहले महागठबंधन को झटका देते हुए कांग्रेस की गोविंदपुर से विधायक पूर्णिया यादव एवं बरबीघा से विधायक सुदर्शन कुमार तथा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री भोला राय ने भी अपनी-अपनी पार्टी से नाता तोड़कर शु्क्रवार को जदयू का साथ पकड़ लिया है.
इस दौरान जदयू के वरिष्ठ नेता एवं सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने शुक्रवार को पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में जदयू मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में तीनों नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलायी थी.
वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं बिहार विधान परिषद के सदस्य प्रेमचंद्र मिश्रा ने पार्टी विधायकों के जदयू में शामिल होने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि श्रीमती यादव एवं श्री कुमार के जाने से कांग्रेस पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा. उन्होंने कहा कि इन दोनों विधायकों को पिछले पांच वर्षों में कांग्रेस की गतिविधियों में कभी सक्रिय योगदान नहीं दिया.