सबसे पहले बायपास थाना इलाके से पटना सिटी के खांजेकला के टेढ़ी घाट के रहने वाले दो लुटेरों रॉकी प्रसाद और मंटू प्रसाद को पुलिस टीम ने पकड़ा।
इनके पास से एक देशी कट्टा और एक गोली के साथ ही उस बाइक को बरामद किया, जिससे ये घूम-घूम कर लोगों के गले से सोने की चेन लूटते थे। सोमवार को पटना के सिटी एसपी ईस्ट जितेंद्र कुमार ने पूरे मामले का खुलासा किया।
गिरफ्तार किए जाने के बाद दोनों लुटेरों से लंबी पूछताछ की गई। तब इन दोनों ने सारे राज उगले। कब और कहां सोना लूटा, ये भी पुलिस को बताया। वैशाली के कटरा के रहने वाले सोनार प्रेम बाबू के बारे में इनसे ही पता चला।
प्रेम ही इन लुटेरों से लूट का सोना खरीदता था। यह बात सामने आते ही पटना से पुलिस टीम वैशाली गई, वहां छापेमारी की और प्रेम बाबू को अपने कब्जे में लिया। पूछताछ में उसने दूसरे सोनार सागर का नाम लिया। जिसे वो लूटे गए सोना को गलाने के लिए देते थे। फिर पुलिस टीम ने उसे भी पकड़ा।
इसके पास से लूट का गलाया गया 75 ग्राम सोना भी बरामद किया गया। सिटी एसपी ईस्ट के अनुसार इन अपराधियों ने 11 सितंबर को बाइपास इलाके में एक कारोबारी से उसकी सोने की चेन और मोबइल फोन लूटे थे। उसके पहले मालसलामी, जक्कनपुर और वैशाली में भी लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इनके पकड़े जाने से आधा दर्जन से अधिक लूट की वारदातों का खुलासा हुआ है।