2020/09/12

नागरिक उडययन मंत्री ने की दरभंगा विद्यापति टर्मिनल के निर्माण कार्यों की समीक्षा,नवंबर के प्रथम सप्ताह से चालू होगी उड़ान

DARBHANGA-नागरिक उडययन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को दरभंगा स्थित हवाई अड्डा (विद्यापति टर्मिनल)  के निर्माण कार्यों की समीक्षा की। 

इस दौरान उनके साथ मंत्रालय के सचिव प्रदीप सिंह खड़ोला, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अध्यक्ष अरविंद सिंह व अन्य अधिकारियों की टीम भी दरभंगा पहुंची है। 

उन्होंने यहां अधिकारियों के साथ विद्यापति टर्मिनल के निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान अबतक हुए कार्यों की पीपीटी देखी। इसके बाद स्थल निरीक्षण किया। समीक्षा के बाद निर्माण एजेंसी व संबंधित अधिकारियों को कार्यों को गति देने की बाबत कई आवश्यक निर्देश दिए।

नागरिक उड्डयन मंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि नवंबर के पहले सप्ताह में दरभंगा एयरपोर्ट से उड़ान शुरू हो जाएगी.इस दौरान उन्होंने कहा कि दरभंगा से फिलहाल दिल्ली, मुम्बई और बेंगलुरु के लिए स्पाइसजेट की विमान सेवा उपलब्ध होगी। इसके लिए 30 सितंबर से पहले बुकिंग शुरू हो जाएगी। आगामी छठ पर्व में लोग हवाई जहाज से दरभंगा आ सकेंगे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कोरोना और बाढ़ के कारण काम में कुछ विलंब हुआ है। लेकिन दरभंगा से हवाई सेवा शुरू होने का प्रधानमंत्री का सपना अब साकार होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि यहां के लोग लंबे समय से हवाई सेवा की मांग कर रहे थे। अब हम उड़ान शुरू होने की तिथि की घोषणा करने की स्थिति में पहुंच गए हैं। जल्द ही आधिकारिक रूप से भी इसकी घोषणा कर दी जाएगी।


इस दौरान उनके साथ स्थानीय सांसद गोपालजी ठाकुर, मधुबनी सांसद डॉ. अशोक कुमार यादव, नर विधायक संजय सरावगी, जाले विधायक जीवेश कुमार, विधान पार्षद अर्जुन सहनी, प्रमंडलीय उद्योग एवं वाणिज्य परिषद के अध्यक्ष पवन कुमार सुरेका,  जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम, वरीय पुलिस अधीक्षक बाबूराम व वायु सेना केंद्र के  भी सभी संबंधित अधिकारी मौजूद थे।