2020/09/04

सहरसा में बदमाशों का मनोबल सातवें आसमान पर,होमगार्ड जवान को जमकर पीटा, हथियार छिनने की भी कोशिश ,जांच में जुटी पुलिस

BIHAR-SAHARSA-- सदर थाना क्षेत्र के मत्स्यगंधा स्थित कारु खिरहरी संग्रहालय की सुरक्षा में तैनात होमगार्ड जवान को बेखौफ बदमाशों ने पीटा और गाली-गलौज करते हुए हथियार छिनने की भी कोशिश की। देर रात हुई घटना के बाद मौके पर पहुँची सदर थाना की पुलिस मामले के छानबीन में जुट गई। पीड़ित होमगार्ड जवान विजय सिंह ने बताया कि बुधवार की रात करीब साढ़े नौ बजे हथियार से लैस होकर चार बदमाश कहचरी चौक तरफ से आये और पुलिस चौकी संख्या दो पर पहुँचकर भद्दी भद्दी गालियां देने  लगे। 

उन्होंने रोककर गाली-गलौज करने का कारण पुछा तो चारों मेरे साथ मारपीट करने लगे, जिससे शरीर के कई हिस्से में मुझे चोटें आई। इस दौरान उन लोगों ने मुझसे रायफल छीनने की भी कोशिश की और मोबाईल को क्षतिग्रस्त कर दिया। हो-हल्ला करने पर जब ड्यूटी पर तैनात तीन अन्य जवान भी वहाँ पहुँचे तो सभी भाग खड़े हुए। घटना के बाद मौके पर पहुँची सदर थाना की पुलिस ने पीड़ित होमगार्ड के निशानदेही पर छोटु सिंह सहित अन्य को पकड़ने के लिए कार्रवाही की लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। 

जिसके बाद जख्मी जवान को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। हालांकि घटना के सम्बंध में पीड़ित होमगार्ड जवान ने थाना में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया है लेकिन मौखिक रूप से शिकायत की है। इधर घटना को लेकर होमगार्ड जवानों में काफी दहशत है।

संग्रहालय की सुरक्षा में तैनात हैं होमगार्ड जवान-मत्स्यगंधा परिसर स्थित कारू खिरहरि संग्रहालय में कुछ वर्षों पूर्व चोरी की घटना हुई थी।जिसके बाद संग्रहालय को बंद कर दिया गया था। बाद में संग्रहालय की सुरक्षा के लिए पुलिस चौकी संख्या दो स्थापित कर चार होमगार्ड जवानों को इसकी सुरक्षा के लिए तैनात किया गया है। जिसके साथ बुधवार की देर रात यह घटना हुई। चोरी की घटना के बाद भी संग्रहालय में काफी ऐतिहासिक महत्व के सामान मौजूद हैं। कारू संग्रहालय में सूर्य, मां तारा और भगवान बुद्ध की खंडित काले पत्थर की तीन मूर्तियां हैं। संत कारू बाबा का खड़ाउं, लाठी, प्राचीन लिपि में लिखे कई दस्तावेज, पौराणिक मिट्‌टी के बर्तन आदि है। अष्टधातू की भगवान बुद्ध की मूर्ति संग्रहालय से पहले चोरी हो चुकी है।

क्या कहते हैं SP--उक्त घटना के सम्बंध में पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने कहा कि घटना की जानकारी संज्ञान में आई है। मामले की जाँच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस पदाधिकारी से जांच के लिए कहा गया है।

रिपोर्ट-रितेश हन्नी@सहरसा