सीसीएचटी (कलेक्टिव कॉलेशन अगेंस्ट ह्यूमन ट्रैफिकिंग) के संयोजक वाईके गौतम ने बताया कि कमजोर वर्ग के आईजी रत्न संजय कटियार के निर्देशन में सीआईडी पटना, सीसीएचटी (मानव व्यापार पर साझा प्रयास), चाइल्डलाइन, तटवासी समाज एवं पूर्णिया पुलिस द्वारा खुश्कीबाग मोड़ एवं गुलाबबाग जीरोमाइल स्थित रेडलाइट एरिया में छापेमारी कर 10 सेक्स वर्करों और दो ग्राहकों को गिरफ्तार किया गया है।
10 में से 8 नाबालिग लड़कियों को देह व्यापार के दलदल में जबरन लाया गया था। सीसीएचटी के संयोजक श्री गौतम ने बताया कि यह अभियान पूरे राज्य में चलाया जा रहा है।
शनिवार को पूर्णिया एवं फारबिसगंज में छापेमारी की गई। फारबिसगंज से 6 नाबालिग लड़की एवं 5 ग्राहक को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि मुक्त कराई गई नाबालिग लड़कियों से चाइल्डलाइन की महिला सदस्यों द्वारा काउंसिलिंग कराई जा रही है। इसके बाद यह पता चलेगा कि मुक्त करायी गई लड़कियां कहां की हैं।
मुक्त कराई गई लड़कियों को पुनर्वास योजना का लाभ दिया जाएगा। बच्ची को बुनियादी सुविधा शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार आदि से जोड़ा जाएगा। देह व्यापार के धंधे में शामिल दलाल की भी गिरफ्तारी के लिए टीम छापेमारी करेगी। उन्होंने बताया कि रेडलाइट एरिया में घर के सामने बने टीन के घरों को भी स्थानीय पुलिस प्रशासन को कहकर हटाने का काम किया जाएगा।
छापेमारी में सीआईडी की टीम के अलावा शहरी थाना क्षेत्रों की पुलिस को शामिल नहीं किया गया था। टीम में जलालगढ़, कसबा, बलिया ओपी आदि की पुलिस शामिल थी। चर्चा है कि छापेमारी की सूचना पहले ही लीक हो गई, जिस कारण खुश्कीबाग मोड़ स्थित रेडलाइट एरिया से अधिकांश लड़कियां पहले ही भगा दी गई थी।
टीम ने खुश्कीबाग मोड़ से मात्र एक नाबालिग एवं एक ग्राहक को गिरफ्तार किया, जबकि गुलाबबाग जीरोमाइल से 9 सेक्स वर्कर एवं एक ग्राहक को पकड़ा गया। सीआईडी व पुलिस की टीम ने जब रेडलाइट एरिया में छापेमारी शुरू की तो रेडलाइट एरिया में हडकंप मच गया।
रेडलाइट एरिया के घरों से लोग व महिलाएं भागने लगीं, जिसे पुलिस ने पकड़कर जीप में बैठाया। कुछ सेक्स वर्कर पुलिस को देखते ही आगे का दरवाजा बंद कर पीछे के रास्तों से भागने में सफल हो गया। हालांकि प्रथम दृष्टया सभी नाबालिग को जबरन देह व्यापार के धंधों में धकेला गया है। काउंसिलिंग के बाद इसका खुलासा हो पाएगा।
छापेमारी में सीआईडी पटना की टीम, सीसीएचटी के संयोजक वाईके गौतम, तटवासी समाज न्यास पूर्णिया के जिला समन्वयक राजेश कुमार मेहता, साकेत श्रीवास्तव, राजकुमार शर्मा, चाइल्डलाइन की खुश्बू रानी, मयूरेश गौरव, प्रतिमा देवी, जयकृष्ण, जलालगढ़ थानाध्यक्ष मेनिका रानी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल थी।