2020/09/22

समस्तीपुर- शहर की नरकीय स्तिथि को देखते हुए डीएम ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को किया निलंबित

BIHAR-SAMASTIPUR-शहर में दो माह से जलजमाव व सफाई व्यवस्था में ढिलाई बरतने को लेकर नगर परिषद के ईओ रजनीश कुमार को सोमवार को नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
 डीएम के हवाले से डीपीआरओ ऋषभ राज ने बताया कि ईओ की शिथिलता व कार्यों में रूचि नहीं लेने के कारण नगर परिषद क्षेत्र में भयावह स्थिति उत्पन्न हो गई है। शहर में अगस्त के प्रारंभ से ही जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई थी और इससे महामारी का खतरा उत्पन्न हो गया था।

 इसको लेकर निर्देश देने के बावजूद ईओ ने जल निकासी के लिए पर्याप्त कर्मी व मशीनों को नहीं लगाया। विभागीय स्तर से उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए कार्रवाई की अनुशंसा की गई है। इधर निवर्तमान ईओ ने सभी आरोपों को निराधार बताया है।

नप ईओ के माध्यम से किसी काम को ढंग से नहीं करने की बात कहीं गई है। बताया जाता है कि वरीय अधिकारियों के आदेश को हल्के में लेने व प्रशासनिक कई महत्वपूर्ण बैठकों में ईओ पर अनुपस्थित रहने का भी आरोप लगाया गया है। वहीं निर्देश के बावजूद शहर की साफ-सफाई में लापरवाही का आरोप है।

बताया जाता है कि बारिश के कारण काशीपुर का संपूर्ण क्षेत्र ही जलमग्न हो चुका है। इसमें बीएड कॉलेज, तिरहुत अकादमी, आरएनएआर कॉलेज व शिक्षा भवन गली के कई घरों में अभी भी जलजमाव की स्थिति है। वहीं बाजार में हर 100 मीटर पर कूड़ा की मौजूदगी से परेशानी उठानी पड़ती है।


विभाग की ओर से नप ईओ पर कार्रवाई करने के बाद डीएम की ओर से एएसडीएम सदर संजीव कुमार को नप ईओ का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है।


डीएम की ओर से ईओ पर कार्रवाई के लिए विभाग को लिखा गया था। जिसमें जल जीवन हरियाली की अनदेखी, शहर में जलजमाव, सड़कों पर जमा कूड़ा व लोगों की परेशानी होने की शिकायत की गई थी। -तारकेश्वर नाथ गुप्ता, अध्यक्ष, नगर परिषद।