BIHAR-SAHARSA- जिले के पतरघट ओपी क्षेत्र के पामा पंचायत वार्ड 4 में बेखौफ बदमाशों ने गोली मारकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी। वहीं अपराधियों ने मृतक के बाइक यामहा कम्पनी की सैल्यूटो BR43J 8748 को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
गोली मारकर हत्या किये गये व्यक्ति का शव पामा दुर्गा स्थान चौक से पूर्व मेहता टोला जाने वाली पक्की सड़क के बगल विशुनदेव शर्मा के घर के बरामदे पर पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पतरघट एवं पस्तपार पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी लिया तथा मृतक के साथ पकड़ाये युवक को अपने गिरफ्त लिया है। वहीं पुलिस की गिरफ्त में आया युवक अपने आप को मृतक का पुत्र बता रहा है लेकिन युवक इस संदर्भ में कुछ भी नहीं बोल रहा है।
मृतक की पहचान मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र के खाड़ी परमानपुर निवासी दिनेश शर्मा (50 वर्षीय) के रूप में हुई है। जानकारों के मुताबिक मृतक के बारे में बताया जा रहा है कि अधेड़ बाइक से जा रहा था। इसी दौरान पुर्व से घात लगाए बदमाशों ने उसे गोली मारकर मौत की नींद सुला दिया। शख्स की हत्या करने के बाद अपराधियों ने मौजूद बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
उक्त घटना के सम्बंध में पतरघट पुलिस कुछ बोलने से परहेज कर रही है वहीं आसपास के लोग भी घटना के सम्बंध में कुछ भी बताने से परहेज कर रहे हैं। वैसे लोगों में चर्चा है कि पामा दुर्गा स्थान चौक पर मनबढ़ु लोगों की जमाबाड़ा लगी रहती है और बाहरी लोगों का आना जाना होते रहता है। ग्रामीण इलाके में अवैध शराब कारोबार में कुछ संदिग्ध लोगों की संलिप्तता होने की बात चर्चा में हैं।
फिलहाल हत्या के पिछे के कारण का पता नहीं चल सका है लेकिन पतरघट पुलिस घटनास्थल पर केम्प कर रही है और हत्या के कारणों की खुलासे में जुटी है।
रिपोर्ट-रितेश हन्नी@सहरसा