जिला अस्पताल में भर्ती घायलों में से अधिकांश की हालत खतरे से बाहर है। दुर्घटना की जानकारी मोबाइल फोन के जरिए मृतक व घायलों के स्वजनों को दी गई है।
मूंढापांडे थाना प्रभारी नवाब सिंह के मुताबिक मंगलवार को सुबह करीब पांच बजे सूचना मिली की बरेली- दिल्ली हाईवे स्थित मनकरा मोड़ पर ईंंट से भरी ट्रैक्टर- ट्राली और एक निजी बस के बीच जबरदस्त टक्कर हुई। हादसे में बस चालक की मौत हो गई है, जबकि झारखंड व बिहार के एक दर्जन मजदूर घायल हैं। वह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे।
दोनों वाहनों के बीच टक्कर इतनी जबरदस्त हुई थी कि बस चालक का शरीर वाहन में ही फंस गया। घायल मजदूर बस में कराह रहे थे। एंबुलेंस की मदद से सभी को जिला अस्पताल भेजा गया। मृत बस चालक की पहचान दिनेश कुमार निवासी ग्राम फलावदा थाना पुरकाजी मुजफ्फरनगर के रूप में हुई।
जबकि घायलों में सरदारी निवासी ग्राम मालडी जिला गोंडा झारखंड, कामदेव निवासी ग्राम नयाडीह थाना गोहरा झारखंड, बृजेश व सिकंदर निवासीगण ग्राम मारीकघाट थाना मजकरा जिला गोहरा झारखंड, प्रदीप निवासी नयाडीह झारखंड।
भागवत यादव , मुकेश, संजय निवासीगण लखनऊ डीह जिला बाका बिहार, शिवकुमार, करन व दीपक निवासीगण ग्राम बाबूडी बाडाहट बाका बिहार व सोनू बामदेव निवासी ग्राम रजौल जिला बाका बिहार शामिल हैं।
आशंका जताई जा रही है कि बस चालक के पलक झपकने से हादसा हुआ है। चालक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया है। बस में कुल करीब 50 मजदूर सवार बताए जा रहे हैं।