कोविड 19 के दौर में नियमानुसार राज्य सरकारों के अनुमति या आग्रह के अनुसार ही ट्रेनों का परिचालन हो सकता है। पिछले दिनों बिहार दैनिक यात्री संघ ने स्पेशल और क्लोन ट्रेनों के साथ लोकल पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन शुरू करने की मांग की थी।
इसके लिए रेल मंत्रालय समेत राज्य सरकार व संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखा था। सूत्रों के अनुसार राज्य सरकार ने कुछ रूट पर लोकल पैसेंजर ट्रेन चलाने का आग्रह किया है।
हालांकि, उन ट्रेनों में सफर करने वालों के लिए राज्य सरकार की अनुमति अनिवार्य होगी। सरकारी विभागों में कार्यरत कर्मी को ही फिलहाल सफर की इजाजत होगी। निजी कंपनियों के कर्मी को सरकार से अनमति लेनी होगी।
भारतीय रेलवे ने मुंबई में चलने वाली लोकल व सब अर्बन ट्रेनों में आवश्यक सेवाओं के तौर पर काम करने वाले कर्मचारियों को सफर करने की इजाजत दी है। रेलवे सिर्फ उन्हीं लोगों को लोकल ट्रेनों में सफर की अनुमति दे रहा है, जिन्हें राज्य सरकार ने यात्रा की इजाजत दी है।