2020/09/10

आकाशीय बिजली की चपेट में आये दो सगे भाई, एक की मौत, घरवालों पर टूट पड़ा दुःख का पहाड़

BIHAR-SAHARSA- जिले के सिमरीबख्तियारपुर प्रखंड क्षेत्र के कांठो पंचायत के अंधरी घाट के समीप गुरुवार दोपहर बाद हुई बारिश के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से दो सगे भाई झुलस गये, मगर बड़े भाई की मौके पर मौत हो गई। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंधरी गांव के पूसो मुखिया का पुत्र पिकू मुखिया (27) और राजा मुखिया (23) गुरुवार दोपहर में घर से कुछ ही दूरी पर नदी में मछली पकड़ने के लिए जाल लगा रहा था। उसी दौरान वज्रपात होने से दोनों भाई झुलसा गया।

 बड़े भाई पिकू की मौत हो गई। वहीं छोटा भाई भी बुरी तरह से झुलस गया। वज्रपात की सूचना मिलते ही लोगों की भीड़ वहां जुट गई और जख्मी दूसरे भाई को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया।

 इधर घटना की सूचना पर बलवाहाट ओपीध्यक्ष हरेश्वर प्रसाद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सहरसा भेज दिया। 

वहीं पंचायत समिति सदस्य शबनम कुमारी, मुखिया मो. मंजर इमाम, जगधर यादव, पिकू यादव, अरविद यादव यादव सहित अन्य ने पीड़ित स्वजनों से मिलकर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। 

बताते चलें कि मृतक के दो छोटे-छोटे पुत्र हैं और वह घर में अकेला कमाने वाला सदस्य था। कमाऊ पुत्र के असामयिक मृत्यु से स्वजनों में कोहराम मच गया।

रिपोर्ट-रितेश हन्नी@सहरसा