2020/09/12

पटना में तीसरी शादी करने की तैयारी में था दो बच्चों का बाप, पुलिस ने पकड़ा

BIHAR-PATNA-शादीशुदा होने के बावजूद तीसरी बार शादी रचाने जा रहे शातिर को दीघा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्त में आया गौरव कुमार नौबतपुर का रहने वाला है। उसने आशियाना-दीघा रोड स्थित एक कंपनी में काम करने वाली मैनेजर को झूठ बोलकर शादी कर ली थी। 

शादी के बाद जब महिला को पता चला कि गौरव पहले से शादीशुदा है और दो बच्चों का बाप है तब उसने दीघा थाने में केस दर्ज कराया। इसके बाद पुलिस ने गौरव को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जिस वक्त उसके घर पहुंची उसके घर पर एक और लड़की वाले उसे देखने पहुंचे थे।

लड़की वालों को उसने बताया था कि वह सॉफ्टवेयर इंजीनियर है और दिल्ली में रहता है। हालांकि समय से पुलिस वाले पहुंचे और लड़की वाले गौरव और उसके परिवार को कोसते हुए वहां से चले गए। मामला दर्ज होने के बाद से गौरव फरार चल रहा था। 

थानेदार मनोज सिंह ने कहा कि गौरव बहुत की शातिर है। वह तीसरी बार शातिर करने जा रहा था। उसने एक युवती को धोखे में रखकर शादी की थी। इसी आरोप में उसे गिरफ्तार किया गया है।

गौरव का मैनेजर की कंपनी में अक्सर आना-जाना रहता था। इसी दौरान मैनेजर और गौरव के बीच दोस्ती हो गई। उसने मैनेजर से कहा था कि वह सॉफ्टवेयर इंजीनियर है और दिल्ली में रहता है। 

पटना आता-जाता रहता है। इसके बाद दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई और दोनों ने साल 2019 में शादी रचा ली और साथ रहने लगे।


लगभग डेढ़ साल साथ रहने के बाद गौरव की दूसरी पत्नी को पता चला कि वह शादीशुदा है और पहली पत्नी व दो बच्चे दिल्ली में रहते हैं। पता चला कि गौरव 2018 में ही शादी कर चुका है। इस जानकारी के बाद पीड़ित के पैर के नीचे से जमीन ही खिसक गई। 

वह छानबीन शुरु की तो तब पता चला कि गौरव सॉफ्टवेयर इंजीनियर भी नहीं है। वह दिल्ली में किसी निजी कंपनी में काम करता है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि गौरव के इस घटिया काम में उसके परिवार वाले भी साथ देते हैं।