2020/09/26

BIHAR-नहर के तटबंध टूटने पर बाढ़ देखने गए दो छात्र डूबे, एक की मौत

BIHAR- पुर्वी चंपारण जिले के सिकटा प्रखंड के धर्मपुर गांव के दक्षिण सरेह में बाढ़ देखने गए दो बच्चे शुक्रवार की शाम में डूब गए थे। ग्रामीणों के सहयोग से एक बच्चे को बचा लिया गया था। जबकि दूसरे का शव 16 घंटे बाद शनिवार की दोपहर में नहर से निकाला गया। 

मृत बालक की पहचान धर्मपुर के मदन साह के पुत्र जितेन्द्र कुमार(12) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि त्रिवेणी नहर के तटबंध टूटने की सूचना पर गांव के सैकड़ों लोग वहां पहुंचे थे। उसी दौराना जितेंद्र और प्रशांत कुमार (10) भी गए थे।

 पैर फिसलने के कारण दोनों नहर में गिर गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने प्रशांत को बचा लिया। जबकि जितेंद्र की डूबकर मौत हो गई। ग्रामीण मनमोहन यादव व कैलाश हजरा समेत कई ग्रामीणों के घंटों मशक्कत के बाद शव को निकाला गया। 

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गवर्नमेंट मेडिकल में भेज दिया है। उधर, मृतक के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। मृतक की सुशीला देवी पुत्र की मौत के गम में बार - बार बेहोश हो रही है। मृत बालक दो भाईयों में सबसे बड़ा था।वह स्थानीय बालक मध्य विद्यालय में वर्ग छह का छात्र था।