BIHAR-BHAGALPUR-के नाथनगर थाना क्षेत्र के एक गांव स्थित बहियार में एक युवती की अर्द्धनग्न लाश मिलने से पूरे इलाके में खलबली मच गई। जानकारी के मुताबिक युवती की हत्या कहीं दूसरी जगह पर हुई है। घटना छुपाने की नीयत से शव को मिर्ची के खेत में फेंक दिया गया था। युवती सुबह 11 बजे पड़ोसी महिला के साथ घास काटने बहियार गयी थी। इसी क्रम में वह दूसरे खेत में चली गयी थी। इसके बाद क्या हुआ, किसी को जानकारी नहीं है।
खेत मालिक कृतिनरायण ठाकुर ने बताया कि शाम चार बजे के करीब मजदूरों को मिर्ची तोड़ने के लिए खेत भेजा था। शव देखकर सभी लौट आये और इसकी जानकारी उन्हें दी। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी गयी। वहीं घटना की जानकरी पाकर मृतका के भाई ने बहन की दुष्कर्म कर हत्या करने का आरोप बहनोई पर लगाया है।
भाई ने बहनोई पर दुष्कर्म कर हत्या का आरोप लगाया है। उसने बताया कि रविवार दोपहर जब हम टोटो पर सवारी लेकर हरिदासपुर चौक के पास से गुजर रहे थे उस वक्त बहनोई कैलाश कुमार के पूरे शरीर में कीचड़ लगा देखे थे। उनकी गंजी भी फटी हुई थी। पूछने पर उसने बताया कि खेत से काम कर लौट रहे हैं।
उसने बताया कि दस दिन पहले भी बहनोई ने श्रीरामपुर गांव के नजदीक बहन की गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की थी। लेकिन ग्रामीणों के सहयोग के बाद उसकी जान बच गई। मृतका की बहन ने बताया कि सुबह से ही पति गायब हैं और उनका फोन नहीं लग रहा है। नाथनगर इंस्पेक्टर मो. सज्जाद हुसैन ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवती की हत्या कर देने की बात सामने आई है। परिजनों ने रिश्तेदार पर ही शक जाहिर किया है।