2003 में जिस कोसी महासेतु की आधारशिला तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने रखी थी, उस पुल का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। पुल बनाने में 17 साल लग गए।
इसके साथ ही पीएम ने समस्तीपुर मंडल के मुजफ्फरपुर से सीतामढ़ी, समस्तीपुर-दरभंगा-जयनगर, समस्तीपुर-खगड़िया खंडों के रेलवे विद्युतीकरण परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया।
इस महासेतु के बनने से सीमांचल और मिथिलांचल के 9 जिले (दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार) के लोगों को सहूलियत मिली है।
विधानसभा चुनाव से पहले बिहार को प्रधानमंत्री की यह चौथी सौगात है। इससे पहले उन्होंने 10, 13 और 15 को विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया था। मोदी 21 और 23 सितंबर को भी बिहार को चुनावी सौगात देंगे।
1887 में निर्मली और भपटियाही (सरायगढ़) के बीच मीटर गेज लिंक बनाया गया था जो 1934 में विनाशकारी भूकंप की वजह से तबाह हो गया था। इसके बाद से कोसी और मिथिलांचल के बीच रेल संपर्क टूट गया था।
6 जून 2003 को तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने निर्मली में कोसी मेगा ब्रिज लाइन परियोजना की आधारशिला रखी थी। 1.9 किलोमीटर लंबे कोसी रेल महासेतु को बनाने में 516 करोड़ रुपए की लागत आई।
पहले निर्मली से सरायगढ़ तक का सफर दरभंगा-समस्तीपुर-खगड़िया-मानसी-सहरसा होते हुए 298 किलोमीटर का है। महासेतु के निर्माण से यह दूरी मात्र 22 किलोमीटर में सिमट गई।
कोसी की धाराओं को नियंत्रित करने का सफल प्रयास पश्चिमी और पूर्वी तटबंध एवं बैराज निर्माण के साथ 1955 में आरंभ हुआ। पूर्वी और पश्चिमी छोर पर 120 किलोमीटर का तटबंध 1959 में पूरा कर लिया गया और 1963 में भीमनगर में बैराज का निर्माण भी पूरा कर लिया गया। इसके बाद कोसी पर पुल बनाने का सपना साकार हो सका।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार में रेल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में आज इतिहास रचा गया है। कोसी महासेतु और किउल ब्रिज के साथ ही बिहार में रेल यातायात, रेलवे के बिजलीकरण, रेलवे में मेक इन इंडिया को बढ़ावा देने और नए रोजगार देने वाले एक दर्जन प्रोजेक्ट का आज लोकार्पण और शुभारंभ हुआ है।
लगभग तीन हजार करोड़ रुपए के इन प्रोजेक्ट से बिहार का रेल नेटवर्क तो सशक्त होगा ही पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत की रेल कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।
बिहार में नदियों के विस्तार के कारण अनेक हिस्से एक-दूसरे से कटे हुए रहे हैं। बिहार के करीब-करीब हर हिस्से के लोगों की एक बड़ी दिक्कत रही है नदियों की वजह से होने वाला लंबा सफर।
जब नीतीश कुमार रेल मंत्री थे जब पासवान रेल मंत्री थे तब उन्होंने भी इस समस्या को दूर करने के लिए बहुत प्रयास किया था।
लेकिन, फिर एक लंबा समय वो आया जब इस दिशा में ज्यादा काम ही नहीं किया गया। ऐसे में बिहार के करोड़ों लोगों की इस बड़ी समस्या के समाधान की ओर हम बढ़ रहे हैं।
पिछले पांच-छह साल में एक के बाद एक इस समस्या के हल की तरफ तेजी से कदम बढ़ाए गए हैं।
पिछले चार साल में उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाले दो महासेतु (एक पटना में और एक मुंगेर में) शुरू किए गए। इन दोनों रेल पुल के चालू हो जाने से उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के बीच लोगों का आना-जाना आसान हुआ है।
खासकर उत्तर बिहार के क्षेत्र में जो दशकों से विकास से वंचित थे उन्हें विकास के लिए नई गति मिली है।