2020/09/10

Big Breaking-राजद को करारा झटका, लालू के बेहद करीबी रघुवंश प्रसाद सिंह ने दिया इस्तीफा

बिहार में विधानसभा से पहले चल रही राजनीतिक हलचल के बीच राजद के लिए एक बुरी खबर है. लालू के चहेते और राजद के वरिष्ठ नेता रघुवंश प्रसाद सिंह ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है.

आरजेडी के कद्दावर नेता रघुवंश प्रसाद सिंह ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्हेंने दिल्ली से ही अपना इस्तीफा आरजेउी सुप्रीमो लालू प्रसाद को भेज दिया है। लालू प्रसाद चारा घोटाला में सजायाफ्ता हैं और फिलहाल रिम्स में उनका इलाज चल रहा है।

रघुवंश के इस्तीफे से लालू भी भौंचक रह गए हैं, क्योंकि रघुवंश प्रसाद सिंह ना सिर्फ पार्टी के पुराने और दिग्गज नेता है, बल्कि वे संकटमोचक भी रहे हैं। उन्हें लालू का हनुमान भी कभी कहा जाता था। पार्टी को इस उंचाई पर ले जाने में लालू के साथ रघुवंश प्रसाद सिंह का भी बड़ा योगदान रहा है।

दरअसल, रघुवंश बाबू कुछ दिनों से पार्टी से नाराज चल रहे थे। सूत्र बताते हैं कि रामकिशोर सिंह उर्फ रामा सिंह को पार्टी में लाने की अटकलों के बाद से रघुवंश बाबू की नाराजगी बढ़ने लगी थी। इस बीच वे पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे चुके थे। उन्हें मनाने की लाख कोशिश की गई, लेकिन वे मानने को तैयार नहीं हुए।

इस बीच लालू के बड़े लाल की तरफ से कुछ इस प्रकार के बयान सामने आए जिससे वे काफी आहत हुए और उन्होंने पार्टी को ही बाय-बाय करने का निर्णय ले लिया। 

फिलहाल कोरोना से पीड़ित होने के बाद वे पटना एम्स में भर्ती रहे। कोरोना से मुक्ति के बाद भी जब उनकी तबीयत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो उन्हें दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जहां अब भी उनका इलाज चल रहा है। रघुवंश बाबू के पार्टी छोड़ने से आरजेडी को बड़ा झटका लगा है और अग उन्होंने इस्तीफा वापस नहीं लिया तो पार्टी को इस बडे़ सेटबैक से उबरने में लंबा वक्त लग सकता है, क्योंकि लालू प्रसाद भी जेल में हैं और उनकी थोड़ी-बहुत कमी रघुवंश बाबू पूरी कर रहे थे।