स्पाइस जेट ने इसके लिए सोमवार से ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी है। छठ पर घर आने वालों की भीड़ के लिए अभी से ही आठ नवम्बर को दिल्ली से दरभंगा आने वाली पहली फ्लाइट के लिए टिकट का दर 13,276 रुपये तक पहुंच गया है।
नागरिक उड्यन मंत्री हरदीप सिंह पुरी की ओर से नवम्बर में तीन बड़े शहरों के लिए उड़ान शुरू करने की घोषणा के बाद दरभंगा सहित पूरे मिथिलांचल के लोगों का उत्साह परवान पर था। विमानन कम्पनी से दरभंगा से मुम्बई के अलावा नई दिल्ली व बंगलुरु के लिए डेली उड़ान की घोषणा कर दी है।
कंपनी की ओर से विमानों की समय सारिणी भी सोमवार को जारी की दी गई। स्पाइस जेट के हेड, कॉरपोरेट व सीएसआर तुषार श्रीवास्तव के अनुसार दरभंगा से दिल्ली जाने वाली रोजाना फ्लाइट सुबह 11.45 बजे प्रस्थान करेगी।
वह दोपहर डेढ़ बजे दिल्ली पहुंचेगी। वहीं दिल्ली से दोपहर दो बजकर दस मिनट पर उड़ान भरने वाली फ्लाइट दोपहर 3.55 बजे दरभंगा पहुंचेगी। वहीं सुबह 8.45 बजे बंगलुरु से उड़ान भरकर फ्लाइट दिन के 11.15 बजे दरभंगा एयरपोर्ट पर उतरेगी।
दरभंगा से बंगलुरु के लिए फ्लाइट शाम 4.25 बजे उड़ान भरकर शाम 6.55 बजे वहां लैंड करेगी। वहीं मुम्बई से दरभंगा के लिए सुबह 9.40 बजे उड़ान भरकर यात्री दोपहर 12.10 बजे दरभंगा एयरपोर्ट पर उतरेंगे। दरभंगा से मुम्बई के लिए रोजाना दोपहर 12.40 बजे चलकर विमान दोपहर 3.10 बजे मुम्बई एयरपोर्ट पर उतरेगा।
दरभंगा नगर विधायक संजय सरावगी ने भी आठ नवम्बर के लिए दिल्ली के लिए अपनी टिकट बुक करा ली है। विमान सेवा शुरू होने के बाद केवल दरभंगा ही नहीं, आसपास के कई जिलों के साथ-साथ नेपाल के तराई इलाकों के लोगों को भी काफी लाभ पहुंचेगा।
Input-hindustan