-->

Breaking News

बड़ी खबर-सरकार ने अनलॉक 5 की गाइडलाइन्स का किया ऐलान, 15 अक्टूबर से 50 फीसदी क्षमता के साथ खुल सकेंगे सिनेमा हॉल

DESK- केंद्र सरकार ने बुधवार को अनलॉक 5 के लिए गाइडलाइंस जारी कर दीं। अनलॉक 5 की शुरुआत कल (गुरुवार) से होगी। इसके तहत सरकार ने सिनेमा हॉल, एंटरटेनमेंट पार्क, स्विमिंग पूल को 15 अक्टूबर से खोलने की अनुमति दे दी है। हालांकि, सिनेमा हॉल को 50 फीसदी क्षमता के साथ खोलने की इजाजत दी गई है। 

इससे पहले, सरकार ने एक सितंबर को शुरू हुए अनलॉक 4 में मार्च महीने से लगे लॉकडाउन के बाद पहली बार मेट्रो सेवाओं को फिर से शुरू करने की इजाजत दी थी। विशेष गाइडलाइंस के बाद सात सितंबर से मेट्रो की सेवाओं को शुरू कर दिया गया था।

वहीं, कक्षा 9-12 के लिए स्कूलों का आंशिक रूप से फिर से खोला गया था। 21 सितंबर से 100 व्यक्तियों की अधिकतम सीमा के साथ सामाजिक, राजनीतिक, धार्मिक कार्यक्रमों की अनुमति भी दी गई थी।

वहीं, कोरेाना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित सात राज्यों के मुख्यमंत्रियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में बैठक की थी। वर्चुअल कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई बातचीत में प्रधानमंत्री मोदी ने ज्यादा से ज्यादा कोरोना टेस्टिंग पर जोर दिया था।



15 अक्टूबर से स्विमिंग पूल को भी इजाजत

गृह मंत्रालय ने तैराकों के ट्रेनिंग के उद्देश्य से इस्तेमाल किए जाने वाले स्विमिंग पूल को भी 15 अक्टूबर से खोलने की इजाजत दे दी है. 

मनोरंजन पार्क भी होंगे गुलजार

इसके अलावा मनोरंजन पार्कों को भी 15 अक्टूबर से खोलने की इजाजत मिल गई है. गृह मंत्रालय ने मनोरंजन पार्क और इसी के जैसे दूसरी जगहों को भी खोलने की इजाजत दे दी है. 

स्कूल पर फैसला 15 अक्टूबर के बाद

स्कूल, कॉलेज, कोचिंग इंस्टीट्यूट और दूसरी शिक्षण संस्थाओं को खोलने पर गृह मंत्रालय ने कहा है कि संबंधित राज्य सरकारें और केंद्र शासित प्रदेश 15 अक्टूबर के बाद इस बारे में फैसला ले सकेंगी. इसके लिए राज्य और केंद्र शासित प्रदेश स्कूल प्रबंधन और दूसरी एजेंसियों से बात करेंगी. 

कोई टिप्पणी नहीं