घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि पादरी की हवेली स्थित बिजली ऑफिस गली के गड़हिया पर रहने वाले शिवशंकर बुलेट से कृष्णा टॉकीज के सामने एक दुकान पर बिजली का सामान बदलवाने गए थे।
सामान बदलवाकर जैसे ही आगे बढ़े कि पूर्व से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने गोली मार दी। बुलेट के पीछे बैठा युवक फायरिंग होते ही भाग निकला। शिवशंकर जमीन पर गिर पड़े।
कारोबारी को गोली मारे जाने की सूचना पर अस्पताल पहुंचे थानाध्यक्ष राहुल कुमार ठाकुर ने बुलेट पर पीछे बैठे प्रत्यक्षदर्शी से पूछताछ की। हालांकि कोई ठोस जानकारी नहीं मिली।
घटनास्थल से पुलिस बुलेट जब्त कर थाने ले गई। थानेदार ने बताया कि अपराधियों के भागने की दिशा में छापेमारी की जा रही है।
लोगों ने बताया कि शिवशंकर उर्फ कल्लू लगभग डेढ़ दशक से जमीन खरीद-बिक्री का काम कर रहा है।
उसका शीशे का कारखाना भी है। जमीन कारोबारी को गोली मारे जाने से लोगों में गहरा आक्रोश दिखा। घटनास्थल पर इस बात की भी चर्चा थी कि पूर्व में साथ रहने वाले गली के ही अपराधियों ने हमला किया है।