उन्होंने बताया कि पारादीप-मुजफ्फरपुर एलपीजी पाइनलाइन परियोजना के तहत पूर्वी चंपारण के हरसिद्धि में एचपीसीएल प्लांट के साथ दुगार्पुर-बांका क्षेत्र में इंडियन ऑयल के बांका एलपीजी प्लांट के अलावा 634 करोड़ रुपए की 193 किलोमीटर लंबी दुर्गापुर-बांका पाइपलाइन खंड को राष्ट्र के समर्पित करेंगे।
शुक्रवार को पत्रकारों से बात करते हुए विभाष कुमार ने कहा कि बांका व हरसिद्धि बाटलिंग प्लांट से बिहार, झारखंड और यूपी के 18 जिलों के उपभोक्ताओं को प्रत्यक्ष लाभ होगा। बांका बाटलिंग प्लांट का निर्माण 132 करोड़ की लागत से की गई है। इसकी क्षमता 40 हजार सिलेंडर प्रतिदिन की है।
इससे भागलपुर, बांका, जमुई, अररिया, किशनगंज और कटिहार के साथ झारखंड के गोड्डा, देवघर, दुमका, साहिबगंज और पाकुड़ जिलों को सिलेंडर की आपूर्ति होगी।
इसी तरह 136 करोड़ से निर्मित हरसिद्धि प्लांट से भी 40 हजार सिलेंडर रोजाना की आपूर्ति होगी। इससे पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, मुजफ्फरपुर, सीवान, गोपालगंज और सीतामढ़ी और यूपी के कुशीनगर जिले में पांच लाख उपभोक्ताओं को सेवा देगा।
इन दोनों प्लांटों में 500-500 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। इस अवसर पर इंडियन ऑयल के महाप्रबंधक उदय कुमार, मुख्य महाप्रबंधक एसके नंदी, मुख्य प्रबंधक वीणा कुमारी, एचपीसीएल के डीजीएम अमूल्य दास मौजूद थे।
विभाष कुमार ने बताया कि बिहार में आईओसी, एचपीसीएल और बीपीसीएल के 13 बाटलिंग प्लांट काम कर रहे हैं। इनमें प्रतिदिन 2.58 लाख सिलेंडरों की बाटलिंग हो रही है।
वर्ष 2016 तक बिहार में मात्र 98 हजार सिलेंडर रोजाना बाटलिंग की ही क्षमता थी। अप्रैल 2014 तक बिहार में वार्षिक बाटलिंग क्षमता 296 लाख सिलेंडर प्रतिवर्ष थी, जो अगस्त 2020 में बढ़कर 782 लाख सिलेंडर प्रतिवर्ष हो गई है।
बिहार में एलपीजी का ग्रोथ 30 फीसदी तक बढ़ गया है। खासकर, लॉकडाउन के दौरान यह वृद्धि काफी हुई है। अप्रैल, 2014 तक बिहार में सिर्फ 25.05 फीसदी परिवारों के पास ही गैस कनेक्शन था, जो अगस्त 2020 तक बढ़कर 77 फीसदी हो गया है।
विभाष कुमार ने बताया कि पाइप से गैस आपूर्ति की योजना काफी एडवांस स्टेज में है। पटना और मुजफ्फरपुर में भी अगले साल मार्च तक पाइप से गैस आपूर्ति का योजना पूरी कर ली जाएगी। इन दोनों शहरों में 70 फीसदी काम पूरा हो चुका है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 13 व 15 सितंबर को बिहार को अरबों रुपये की नई सौगात देंगे। 15 सितंबर को प्रधानमंत्री सीवरेज और जलापूर्ति की 8 योजनाओं का शुभारंभ करेंगे।
उनमें पटना के बेऊर और कर्मलीचक के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, सीवान नगर परिषद की जलापूर्ति योजना, बक्सर नगर परिषद की जलापूर्ति योजना, छपरा नगर निगम की जलापूर्ति योजना, मुंगेर नगर निगम की जलापूर्ति योजना, जमालपुर नगर परिषद की जलापूर्ति योजना व मुजफ्फरपुर में रिवरफ्रंट शामिल हैं।जलापूर्ति का कार्य मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ‘सात निश्चय योजना’ के तहत किया जाएगा।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने कहा है कि इसके पहले पीएम 13 सितंबर को पीएम 121 करोड़ की लागत वाली बॉटलिंग प्लांट और पूर्वी चंपारण के सुगौली में 136 करोड़ के न्यू एलपीजी प्लांट का शुभारंभ करेंगे। इस प्रकार प्रधानमंत्री बिहार को आत्मनिर्भरता की राह पर तीव्रता से गतिशील होने के लिए 901 करोड़ का तोहफा देंगे।