घटना के समय कदम चौक बाजार में लगभग एक हजार लोग थे। इस दौरान बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग की। बदमाशों की गोली से कमतौल थाना के रतनपुर निवासी मनोज ठाकुर (40) घायल हो गया। सिंहवाड़ा सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद उसे डीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। उसे जांघ में गोली लगी है।
प्रत्यक्षदर्शी मकान मालिक सह व्यवसायी महेश्वर प्रसाद ठाकुर उर्फ भोला ठाकुर ने बताया कि तीन बाइक पर सवार पांच बदमाश उत्तर दिशा से आए और अंधाधुंध फायरिंग करने लगे। इससे बाजार में अफरातफरी गई।
श्री ठाकुर के अनुसार तीन बदमाश दोनों हाथों में दो-दो पिस्टल से फायर करते हुए एटीएम परिसर में आए और सीएमसी कंपनी के पांच कर्मियों को कब्जे में कर लिया। इसके बाद गार्ड अब्दुल अजीज अंसारी की रायफल और कैश लूटकर दक्षिण दिशा की ओर निकल गए।
घटनास्थल से लगभग दो सौ मीटर दक्षिण सड़क किनारे गड्ढ़े से गार्ड से लूटी गई राइफल बरामद हुई। सीएमसी कंपनी के कस्टोडियन कमलदेव यादव ने बताया कि एटीएम में पूर्व से रखे 12 लाख रुपये लुटने से बच गये। घटना को लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई हैं।