सोमवार को करण तिवारी(27) का शव मलाड के एक फ्लैट में पंखे से लटका हुआ मिला। पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात को करीब 10 से 11 बजे के बीच उसने आत्महत्या की है। एडीआर दर्ज कर कुरार पुलिस मामले में जांच को आगे बढ़ा रही है। मुंबई के सावेनियर क्रिकेट क्लब से खेलने वाले करण तिवारी दाएं हाथ के बल्लेबाज और दाएं हाथ के मध्यम गति के गेंदबाज थे। वह अपनी मां और भाई के साथ मलाड के एक फ्लैट में रहते थे। मुंबई के एक सीनियर कोच विनायक सामंत ने कहा कि वे उनके लिए मुंबई में एक अच्छे क्लब की तलाश में थे।
सूत्रों के अनुसार, उनके एक दोस्त ने पुलिस को बताया कि 19 सितंबर को यूएई में शुरू होने वाले आईपीएल में नहीं चुने जाने से वह दुखी चल रहा था। मरने से पहले उसने उदयपुर में अपने बेस्ट फ्रेंड को फोन करके बताया कि वह आत्महत्या करने जा रहा है। दोस्त ने पहले उसे रोकने का प्रयास किया और फिर उसकी मां और बहन को फोन कर इसकी जानकारी दी। हालांकि, जबतक परिवार उसके रुम तक पहुंचता वह फंदे पर झूल चुका था। परिवार आनन-फानन में उसे लेकर पास के हॉस्पिटल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।