सोमवार को दिन के करीब ढाई बजे प्रतापगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत भवानीपुर एनएच-57 पर हरिओम ट्रेडर्स के मैनेजर की कार रोक कर चालक सनोज कुमार पेशाब करने गया।
उसी क्रम में सिमराही से आ रही पिकअप वैन से आए चार अपराधियों ने कार में बैठे हरिओम ट्रेडर्स के मैनेजर मनोज कुमार से हथियार के बल पर रुपए से भरी बैग लूट फरार हो गए।
घटना की सूचना पर एसडीपीओ वीरपुर रामानंद कुमार कौशल के नेतृत्व में टीम गठित कर विशेष सूचना के आधार पर अररिया एवं पूर्णिया पुलिस की सहायता से घटना के 09 घंटे के भीतर लूटी गई 46 लाख 20 हजार 750 रुपए बरामद किया।
वहीं घटना में संलिप्त 06 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो, पिकअप, लूटी गई पैंट-शर्ट, आधार कार्ड एवं 06 मोबाइल बरामद किया गया।
जबकि लूटकांड में शामिल अपराधियों अररिया जिले के फारबिसगंज थाना अंतर्गत नयाटोला वार्ड 09 निवासी सनोज कुमार साह, वार्ड 13 के अमित शर्मा, वार्ड 18 निवासी मो. राजू, वार्ड 04 निवासी अमित कुमार एवं जयकिशोर सरदार उर्फ जैरी और जोगबनी थाना क्षेत्र के इंद्रानगर वार्ड 10 निवासी अमरदीप को भी गिरफ्तार किया गया है।
एसपी ने कहा चालक सनोज से संदेह के आधार पर पूछताछ की गई। कॉल डिटेल को लेकर पूछताछ करने पर उसने लूटकांड में संलिप्तता स्वीकार करते हुए अन्य अपराधियों के नाम का खुलासा किया।
चालक ने बताया कि तगादा करने जाने से पूर्व ही लूट की योजना बना ली गई थी एवं पूर्व से तय योजना के अनुसार पेशाब करने के बहाने कार रोक कर बाहर निकला।
इसके बाद अपने मोबाइल से साथी अपराधी को सूचना दे दी। इसके बाद लूटकांड में शामिल कार चालक सनोज की निशानदेही पर मो. राजू को उसके घर से गिरफ्तार किया। जिसके पास से पुलिस ने पीड़ित का कपड़ा, आधार कार्ड एवं 05 हजार रुपए बरामद किया।
अनुसंधान में अपराधी अमित शर्मा, अमित कुमार राय एवं अमरदीप दयाल को पूर्णिया के डगरुआ थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। जहां पुलिस ने स्कॉर्पियो से 46,15,750 रुपए बरामद किया। बाद में जयकिशोर सरदार को भी गिरफ्तार किया गया।