गृह मंत्रालय द्वारा अनलॉक-4 के लिए जारी किए गए दिशानिर्देश के अनुसार, 21 सितंबर से 100 व्यक्तियों की अधिकतम सीमा के साथ सामाजिक, राजनीतिक, धार्मिक कार्यक्रमों की अनुमति दी जाएगी। इन कार्यक्रमों में मास्क पहनना, सोशल डिस्टेंशिंग का पालन, थर्मल स्कैनिंग, हैंडवॉश और सैनिटाइजर का इस्तेमाल अनिवार्य होगा। 21 सितंबर से ओपन एयर थिएटर को भी खोलने की इजाजत दी गई है।
7 सितंबर से चरणबद्ध तरीके से मेट्रो चलाने की मंजूरी दी गई है। सरकार की ओर से जारी गाइडलाइंस में कहा गया है कि गृह मंत्रालय के परामर्श के साथ शहरी विकास मंत्रालय/ रेलवे मंत्रालय के द्वारा मेट्रो ट्रेनों को 7 सितंबर से चरणबद्ध तरीके से चलाया गया जाएगा। कोरोना वायरस संक्रमण को रोकने के लिए लागू लॉकडाउन की वजह से 22 मार्च से ही देशभर में मेट्रो परिचालन बंद है।
मेट्रो सेवा शुरू होने से दिल्ली एनसीआर के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी जो दफ्तर या अन्य जगहों पर जाने के लिए मेट्रो की सवारी पसंद करते हैं। कोरोना काल में मेट्रो को सुरक्षित तरीके से चलाने के लिए खास तैयारी की गई है।
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने पिछले सप्ताह कहा था कि उसे जब भी सरकार से निर्देश प्राप्त होगा, वह अपना परिचालन बाहल करने के लिए तैयार रहेगी। एक सूत्र ने कहा, ''हम सेवाओं की बहाली के लिए अनुमति का इंतजार कर रहे है। लेकिन, सुरक्षा के सारे उपाय तैयार कर लिए गये हैं तथा कुछ और तैयार भी किए जा रहे हैं तकि जब भी सेवाएं बहाल करने का आदेश हो, तब हम यात्रियों की अधिकतम सुरक्षा सुनिश्चित कर पाएं।
अब ऑटो टॉप अप के नये स्मार्ट कार्ड से लेकर सीटों और प्लेटफार्म के फ्लोर पर स्टिकर चिपकाये जायेंगे ताकि एक दूसरे के बीच दूरी बनी रहे। हाल ही में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली मेट्रो की बहाली की मांग की थी।