राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने इसे भ्रष्टाचार का मामला बताते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसा। एक ट्वीट में कहा- 8 वर्ष में 263.47 करोड़ की लागत से निर्मित गोपालगंज के सत्तरघाट पुल का 16 जून को नीतीश ने उद्घाटन किया था। 29 दिन बाद यह पुल ध्वस्त हो गया। खबरदार! अगर किसी ने इसे नीतीश का भ्रष्टाचार कहा तो? 263 करोड़ तो सुशासनी मुंह दिखाई है। इतने की तो इनके चूहे शराब पी जाते हैं।।
8 वर्ष में 263.47 करोड़ की लागत से निर्मित गोपालगंज के सत्तर घाट पुल का 16 जून को नीतीश जी ने उद्घाटन किया था आज 29 दिन बाद यह पुल ध्वस्त हो गया।
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) July 15, 2020
ख़बरदार!अगर किसी ने इसे नीतीश जी का भ्रष्टाचार कहा तो?263 करोड़ तो सुशासनी मुँह दिखाई है।इतने की तो इनके चूहे शराब पी जाते है pic.twitter.com/cnlqx96VVQ
अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंच चुकी है। इधर, गोपालगंज के डीएम अरशद अजीज ने बताया कि एप्रोच सड़क हाल ही में बनाई गई थी। बाढ़ के पानी के दबाव के कारण एक हिस्सा धंस कर टूट गया है। पानी कम होने के बाद सड़क को दुरुस्त कराया जाएगा।
बताते हैं कि एप्रोच पथ के बगल में एक पुलिया है, जहां गंडक के तेज कटाव से सड़क ध्वस्त हो गयी। ठीक उसके पहले भी एक पुलिया के समीप एप्रोच पथ में तेज कटाव हो रहा है। विभागीय पदाधिकारी मरम्मत में लग गये हैं।
बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के कार्यपालक अभियंता राममोहन सिंह, परियोजना अभियंता, कृष्णा कुमार, इंजीनियर मोहित कुमार व बशिष्टा कंपनी के इंजीनियर सुभाष कुमार घटनास्थल पर कैम्प किये हुये हैं।
कार्यपालक अभियंता श्री सिंह ने बताया कि गंडक नदी के बाढ़ के कारण सड़क पर दबाव पड़ा है। जिसके कारण एप्रोच पथ पुलिया के समीप टूट गया है। एप्रोच पथ की मरम्मत कराई जा रही है। बहुत जल्द सड़क की मरम्मत कर ली जाएगी।