कदवा थाना क्षेत्र के एक गांव से बुधवार की रात नौवीं की छात्रा को बदमाश घर से जबरन उठाकर नदी किनारे ले गए। वहां 8 लड़के उसके साथ ढाई घंटे तक छेड़खानी करते रहे और फिर एक ने दुष्कर्म भी किया। दुष्कर्म के बाद छात्रा को गंभीर हालत में छोड़ दिया।
डरी-सहमी पीड़िता 12 घंटे तक सदमे में रही और अंतिम में अपनी मां के साथ कदवा थाने पहुंचकर पूरी वारदात पुलिस को बताया।पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल छापेमारी कर मुख्य आरोपित को दबोच लिया है। साथ ही घटना में संलिप्त अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
पीड़िता ने दर्ज प्राथमिकी में बताया कि उसके पिता राजस्थान में मजदूरी करते हैं। बुधवार की रात अपने दो भाई के साथ एक कमरे में सोई हुई थी। मां दूसरे कमरे में सोई थी। इसी बीच रात करीब 11 बजे बरामदे से किसी ने आवाज दी। नींद खुलने पर वह बाहर आई तो देखा बगल के गांव के सुमन कुमार सिंह, नवीन कुमार सिंह, श्रवन कुमार सिंह एवं मुन्नू सिंह खड़े थे।
इसी बीच लाइट बंद कर सुमन उसके मुंह में गमछा ठूंस कर अन्य लड़कों के साथ जबरन दो सौ मीटर दूर कमला नदी किनारे ले गया। वहां ऑटो में पहले से उसी गांव का चार अन्य लड़के मौजूद थे। वहां ले जाते ही सभी लड़कों ने छेड़खानी शुरू कर दी और बेरहमी कर छात्रा को जख्मी कर दिया। इसी बीच सुमन ने सभी के सामने उसके साथ दुष्कर्म किया।