BIHAR-PATNA-राजधानी एक्सप्रेस के एक मुख्य टिकट निरीक्षक को गुरुवार को कोरोना संक्रमित पाए गए। बुधवार को वह नई दिल्ली से राजधानी स्पेशल ट्रेन को लेकर पटना आए थे। रास्ते में उन्हें तेज बुखार की शिकायत थी। ट्रेन के पटना जंक्शन पहुंचते ही उन्हें करबिगहिया स्थित सेंट्रल हॉस्पिटल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। कोरोना संक्रमण के संदेह में गुरुवार को उन्हें नालंदा मेडिकल कालेज अस्पताल में इलाज के लिए भेज दिया, जहां उनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। संक्रमित टीटीई के बैच में काम करने वाले चार अन्य मुख्य टिकट निरीक्षकों के साथ ही छह पैंट्रीकार कर्मियों एवं पांच कोच अटेंडेंट को क्वारंटाइन कर दिया गया है। इसके साथ ही इस ट्रेन को एस्कार्ट करने वाले पांच अप व पांच डाउन के आरपीएफ जवानों को क्वारंटाइन में भेजा जाएगा।
राजेन्द्र नगर टर्मिनल के मुख्य टिकट निरीक्षक के कक्ष में काम करने वाले अन्य टीटीई व उनसे मिलने वाले अन्य रेलकर्मियों को भी होम क्वारंटाइन में भेजा जा सकता है।
टीटी के कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद राजेन्द्र नगर टर्मिनल पर दहशत का माहौल बना हुआ है। बुधवार को भी पटना जंक्शन के एक टीटीई को कोरोना संक्रमण की आशंका पर एनएमसीएच में भर्ती कराया गया था, परंतु वे उनकी कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आई थी। हालांकि उन्हें भी क्वारंटाइन में भेज दिया गया है। इसके पहले भी कोरोना संक्रमण की आशंका में राजेन्द्र नगर टर्मिनल के 11 मुख्य टिकट निरीक्षकों को क्वारंटाइन में भेज दिया गया था।