2022/01/15

समस्तीपुर में दर्दनाक सड़क हादसा : बाइक सवार युवक की मौत बहन के घर से दही-चूड़ा और तिलकुट देकर लौट रहा था

SAMASTIPUR : समस्तीपुर जिला के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत घटनास्थल पर ही हो गई। मृतक की पहचान बेगूसराय जिला के तेघरा थाना क्षेत्र के बरौनी वार्ड संख्या 14 निवासी फुलेश्वर चौधरी के पुत्र छोटू कुमार(24) के रूप में हुई है।

लोगों ने बताया, मृतक मकर संक्रांति पर्व को लेकर बाइक से अपनी बहन रंजू देवी के यहां तिल, तिलकुट दही देने समस्तीपुर गया हुआ था। वहां से लौटने के क्रम में दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के एनएच 28 बल्लोचक स्थित अनन्या पेट्रोल पंप के समीप तेज रफ्तार से जा रही अज्ञात ट्रक ने उसकी बाइक में जोड़दार टक्कर मारते हुए भाग निकला। इससे घटनास्थल पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना स्थानीय थाना की पुलिस को दिया। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कुमार ब्रजेश, संध्या गश्ती में मौजूद SI संगीता कुमारी, अमरेंद्र कुमार द्विवेदी, शिव कुमार त्रिपाठी, ASI रविंद्र तिवारी सदलबल मौके पर पहुंचे। वहीं सड़क पर हुई हादसे की वजह से कुछ देर के लिए एनएच 28 पर दोनो तरफ छोटी-बड़ी गाड़ियों की कतार लग गई।

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया। इधर पुलिस ने मृतक के मोबाइल से उसके परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना के बाद थाना पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। इस संबंध में पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष कुमार ब्रजेश ने बताया कि मृतक के परिजन के आवेदन देने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।