-->

Breaking News

5 सालों का प्यार, थाने में भरी मांग:गया में प्रेमी-प्रेमिका के बीच 'कंस' बना था मामा, थाने पहुंची बात तो हुई शादी

GAYA : गया के महिला थाने में एक अजीबोगरीब घटना घटी। इस घटना में लड़के का मामा ही मोहब्बत का दुश्मन बना बैठा था। वह बीते 5 साल से चल रहे प्रेम के बीच खड़ा हो जा रहा था। मामा की हरकतों से आजिज आकर प्रेमी युगल महिला थाने पहुंचे। जहां न केवल उनकी फरियाद सुनी गई, बल्कि सात जन्मों के बंधन में भी उन्हें बांध दिया गया। थाने परिसर में ही दोनों की शादी कराई गई। थाने में ही लड़के ने अपनी प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरा।

अब आइए जानते हैं पूरी कहानी
दरअसल मामला गया जिले के रानीगंज और गोह थाना क्षेत्र से जुड़ा है। रानीगंज की पुष्पा कुमारी और गोह के सुनील कुमार के मिलन के बीच कंस की तरह मामा खड़ा हो जाता था। नतीजतन पूरा मामला थाने जा पहुंचा। महिला थानाध्यक्ष रवि रंजना ने प्रेमी युगल की पूरी बातें सुनी और ना ही कोई एफआईआर की और ना ही कोई केस दर्ज किया, डिसीजन ऑन द स्पॉट सुना दिया। दोनों परिवार वालों को समझाया बुझाया और बिना कोई केस मुकदमा किए युवक और युवती की शादी थाने में ही करा दी।

मामा से तंग आकर शादी से मुकरने लगा था लड़का
प्रेम प्रसंग में फंसी लड़की से अंतिम समय पर लड़के वालों ने शादी करने से इनकार कर दिया। सूत्र बताते हैं कि इसमें भी मामा की भूमिका बड़ी थी। इसकी सूचना लड़की पक्ष के लोगों ने महिला थाना को दी। त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला थानाध्यक्ष ने लड़के और लड़की पक्ष के लोगों को थाने में बुलाया, जहां काफी समझाने बुझाने के बाद लड़का पक्ष के लोग शादी के लिए तैयार हो गए।

महिला थाना प्रभारी ने विष्णुपद मंदिर में दोनों की शादी करवाई। उसके बाद महिला थाना में दोनों पक्ष के लोगों के सामने लड़का ने लड़की की मांग भराई का रस्म पूरा किया और थाने में भी शादी की रस्में भी पूरी करवाई गई। महिला थानाध्यक्ष रवि रंजना ने बताया कि 5 साल पुराने प्यार को शादी के रिश्ते में तब्दील कर दिया गया। अब दोनों पक्ष खुशी-खुशी अपने अपने घर जा रहे हैं। उन्हें गुलाब का एक पौधा भेंट किया गया है और उसे सींचने की नसीहत दी गई है।

कोई टिप्पणी नहीं