PATNA : राजधानी पटना के हाईकोर्ट मोड़ पर शुक्रवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब दो लड़कियों और एक लड़के के बीच सड़क पर मारपीट होने लगी। हाथापाई होने लगी। देखते ही देखते वहां भीड़ जुट गई। राहगीरों की गाड़ी रुक गई। ट्रैफिक जाम की स्थिति हो गई।
पता चला कि लड़कियों से उस युवक ने छेड़खानी की। हंगामे के बीच पहुंची पुलिस ने भी लड़के को दो-चार हाथ लगा दिया। लड़के एवं लड़कियों को अपने साथ ले गई। बताया जाता है कि लड़का जहानाबाद का है। लड़कियां उसपर छेड़खानी का आरोप लगा थीं। इधर लड़के का कहना था कि उसके साथ मारपीट की गई है।
बताया जाता है कि हाईकोर्ट मोड़ के पास स्थित स्कूल में पढ़ने वाली भांजी को लेने के लिए जहानाबाद का युवक पहुंचा था। भांजी का घर आनंदपुरी मोहल्ले में है। इधर दो लड़कियां भी वहां खड़ी थीं, उन्हें लेने के लिए उनके भाई आए थे। कुछ देर में वहां लड़कियों ने छेड़खानी का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद लड़के की लप्पड़-थप्पड़ शुरू हो गई। देखते ही देखते वहां भीड़ जुट गई।
उधर से गुजरनेवाले राहगीर रुककर तमाशा देखने लगे। ट्रैफिक में व्यवधान होने लगा तो हाईकोर्ट मोड़ से दौड़ते हुए पुलिस भी पहुंच गई। लड़कियों से छेड़खानी की बात सुनकर पुलिसवालों ने भी युवक की पिटाई कर दी। कुछ देर बाद मामला शांत हुआ।
वहीं युवक ने छेड़खानी के आरोपों से इंकार किया। उसने बताया कि वह भांजी को लेने आया था। रांग साइड में गाड़ी घुमाई। इस क्रम में हो सकता है कि गाड़ी उन लड़कियों के शरीर में सट गया हो। हालांकि उसे ऐसा नहीं लगता। बिना मतलब उसके साथ मारपीट की गई है। लड़के ने हेलमेट से उसे मारा है। फिलहाल पुलिस युवक और दोनों युवतियों को थाने ले गई है। उनसे पूछताछ की जा रही है।