2021/08/25

बिहार : प्रेमिका को भगा ले जा रहा था प्रेमी, पकड़ा गया तो गांव वालों ने करा दी शादी

BANKA : बांका में प्रेमिका को बाइक पर बैठाकर एक प्रेमी उसे लेकर कहीं जा रहा था। काफी दिनों से प्रेमी-प्रेमिका को लोग एक-दूसरे से मिलते हुए देख रहे थे। ग्रामीणों ने सोचा कि क्यों ने दोनों को पकड़कर शादी करा दी जाए। हालांकि लड़की के स्वजन दोनों की शादी के विरोध में थे। 

मामला चांदन के आनंदपुर ओपी क्षेत्र का है। इसके बाद पंचायत हुई। पंचायत में एक ऐसा फैसला सुना दिया गया जिससे लड़की के स्वजन हक्के-बक्के रह गए। आनन्दपुर ओपी के कुम्हराडीह (नोनिया) गांव में ग्रामीणों ने स्थानीय हनुमान मंदिर में प्रेमी-प्रेमिका की शादी करा दी है।

जानकारी के अनुसार, कुम्हराडीह गांव के 18 वर्षीय युवक अजीत कुमार उसी गांव की एक लड़की से प्रेम करता था। दोनों के बीच तीन वर्षों से प्रेम संबंध था। लड़का चरवाहा था। लड़की के स्वजन दोनों के प्रेम के खिलाफ थे। कई बार दोनों को समझा चुके थे। लड़का को काफी डांगा गया था। लेकिन लड़की शादी के लिए तैयार थी।

 इसी बीच अजीत कुमार अपने कुछ दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल से अपनी प्रेमिका के घर पहुंच गया। घर से कुछ दूर बाहर से उसको प्रेमिका मिली। अजीत ने उसे बाइक पर बैठाया और भागने की तैयारी में था।

लड़की को मोटरसाइकिल पर बैठते ही उसके चाचा की नजर उसपर पड़ गई। इसके बाद सभी युवक लड़की को छोड़कर भाग निकले। चाचा ने अजीत को पकड़ लिया। देर रात तक पंचायती होती रही। पंचायत में लड़की के स्वजन ने शादी का विरोध किया। लेकिन लड़का और लड़की शादी करने पर पथ में थे। 

इसके बाद पंचायत में गांव के ही हनुमान मंदिर में दोनों की शादी करवा दी गई। लड़की नाबालिग है और लड़का का उम्र 18 वर्ष। आनंदपुर ओपी प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि इसकी जानकारी नहीं है। मामले की जांच की जाएगी। नाबालिग की शादी कराना अपराध है। दोषियों पर कारवाई होगी।