SAHARSA : "स्वयं की योग्यता से भेदा गया लक्ष्य ही आपको बनाता है सच्चा सैनिक" इस वाक्य को चरितार्थ किया है सहरसा जिले के शिवपुरी मुहल्ले वार्ड नं 14 के निवासी अरविंद कुमार भारती एवं पूनम भारती की सुपुत्री पुष्पम प्रिया ने।
अपने पहले ही प्रयास में बिहार एसआई की परीक्षा में उत्तीर्णता प्राप्त कर अपने माता-पिता का सर गर्व से ऊंचा कर दिया। अपनी तैयारियों के बारे में बात करते हुए पुष्पम प्रिया ने बताया कि उन्होंने यह सफलता अपने पिता के द्वारा दिए गए प्रशिक्षण एवं पारिवारिक मनोबल के सहारे प्राप्त किया।
स्वाध्याय तथा यूट्यूब की मदद से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हुए खेल को निरंतर अपने जीवन का हिस्सा बनाए रखना उनकी इस सफलता में सहायक सिद्ध हुआ। बतौर पुष्पम सहरसा जिले में रहते हुए वे लगातार वॉलीबॉल प्रैक्टिस करती रही साथ ही सुपौल जिला की तरफ से वर्ष 2007 से राष्ट्रीय स्तर पर हुए नेशनल वालीबॉल चैंपियनशिप में कई बार जिले का प्रतिनिधित्व किया।
उनके पिता अरविंद कुमार भारती स्वयं एक अच्छे वॉलीबॉल खिलाड़ी रहे हैं एवं अपनी पुत्री को भी उन्होंने वॉलीबॉल का प्रशिक्षण दिया। सुपौल जिला वॉलीबॉल संघ के सचिव अमन कुमार सिंह ने पुष्पम प्रिया को उनके उज्जवल भविष्य हेतु शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे बहुत छोटी उम्र से उनके खेल को निखरता हुआ देखते आए हैं। उसकी लगन एवं सिद्धि प्राप्त करने की चाहत ही उसे आज सफलता के मुकाम तक ले आई है।
पढ़ाई तथा खेल के साथ-साथ प्रीतम प्रिया की रुचि हमेशा कुछ अलग कर गुजरने में रही। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के पुरातत्व विभाग से स्नातक करने के साथ-साथ संगीत में भी अपनी रुचि को बरकरार रखा। बीएचयू के संगीत कंपटीशन को जीता, इंडियन आइडियल कंपटीशन की प्रतिभागी रह चुकी पुष्पम प्रिया अनोखी प्रतिभाओं को अपने अंदर समेट के रखी हुई है। तबला वादन में प्रभाकर तथा भारतीय संगीत में विशारद की उपाधि प्राप्त कर चुकी हैं।
इतना ही नहीं इन्होंने उर्दू भाषा में फोकानिया की डिग्री भी हासिल की है साथ ही दर्जनों भर भारतीय भाषा की जानकारी इनकी प्रतिभा को और सशक्त बनाती है। बधाई देने वालों में जिला वॉलीबॉल संघ सहरसा की अध्यक्ष मनीषा रंजन एवं सचिव रोशन सिंह धोनी के अलावे राइफल क्लब के सचिव त्रिदिव सिंह ने इनकी इस उपलब्धि को सराहते हुए आगे यूपीएससी एवं अन्य उच्चतर परीक्षाओं में सफलता के लिए प्रोत्साहित किया।
सीनियर वॉलीबॉल खिलाड़ी राहुल कुमार, शुभम कुमार 'चुनचुन', प्रिया कुमारी, कुमरदेव कुमार, राणा रंजन सिंह, अमित कुमार अमर, रूपेश कामत, मुरली यादव ने अपनी शुभकामनाएँ व्यक्त की।
रिपोर्ट - रितेश हन्नी @ सहरसा