2021/06/15

तेरा पीछा ना छाेड़ूंगा भेज दे चाहे जेल में : नजरें मिली और इश्क हुआ, प्रेमिका से मिलने पहुंचा युवक तो पकड़कर करा दी गई शादी

AURANGABAD : तेरा पीछा ना छाेड़ूंगा भेज दे चाहे जेल में। कुछ ऐसे ही प्रेम में वशीभूत एक युवक के साथ हुआ। हालांकि उसे जेल तो नहीं जाना पड़ा लेकिन सात जन्‍मों की कही जाने वाली हथकड़ी जरूर लग गई। अंबा सतबहिनी मंदिर के प्रांगण में मां को साक्षी मान सोमवार को उसकी शादी अपनी प्रेमिका से शादी करा दी गई। शादी की रस्म युवक-युवती के रिश्तेदारों की मौजूदगी में पूरी की गई।

बताया जाता है कि सिमरा थाना क्षेत्र के अजनियां गांव के विजय पासवान की पुत्री प्रीति कुमारी अपने मामा के घर बैरिया बभंडीह गांव गई थी। इधर प्रेमी युवक गया जिले के छकरबंधा बरहा गांव निवासी अजय पासवान का पुत्र विक्रम कुमार उससे मिलने उसके ननिहाल बैरिया जा पहुंचा। 

बताया जाता है कि लड़की के गांव अजानिया गांव में युवक का ननिहाल है। दोनों के बीच पिछले एक वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवक के आने की भनक लड़की के मामा को लग गई। उन्होंने विक्रम को पकड़कर पूछताछ की। उसने प्रेम प्रसंग होने की बात बतायी। लड़की ने भी प्रेम प्रसंग होने की बात स्वीकार की।

दोनों एक साथ जीने मरने की बात कर रहे थे। इसकी जानकारी दोनों प्रेमी युगल के स्वजनों को दी गई। इसके बाद दोनों के स्‍वजन जुटे। विचार-विमर्श किया गया। दोनों की सहमति देख शादी का निर्णय लिया गया। आनन-फानन में सतबहिनी मंदिर पर पहुंच कर दोनों की शादी करा दी गई। 

कोविड-19 प्रोटोकॉल के तहत मंदिर बंद होने के कारण मंदिर के बाहर ही मां को साक्षी मानकर युवक युवती ने एक दूसरे को माला पहनाकर साथ साथ जीने मरने की कसम खाई। जानकारी अनुसार शादी के समय लड़का के स्‍वजन मौजूद नहीं थे।

 उपस्थित लड़की के स्‍वजनों ने बताया कि फोन पर लड़के के माता-पिता से बात हुई है घर दूर होने के कारण वे शादी के समय नहीं पहुंच सके। प्रेमी युगल द्वारा अचानक मंदिर पहुंच कर शादी की चर्चा हर तरफ हो रही है।

Source - dainik jagran