मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पिंटू कुमार के गोतिया भाई के लड़के की शादी बुनियादगंज थाना क्षेत्र के देलहा मदारपुर के रहनेवाले ईश्वर मांझी के गोतिया में कुछ वर्ष पूर्व हुई थी। इस वजह से पिंटू का मदारपुर आना-जाना लगा हुआ था।
इसी बीच उसे ईश्वर मांझी की बेटी से प्रेम हो गया। जब शादी की बात आयी तो पिंटू बहाने बनाने लगा। इस बात से तंग आकर ईश्वर ने मुफस्सिल थाने में लड़का के विरुद्ध आवेदन दिया। संबंधित मामले में मुफस्सिल पुलिस ने पहल करते हुए दोनों पक्षों को थाने में बुलाया।
पुलिस के समक्ष प्रेम प्रसंग की बात लड़के ने स्वीकार तो की, लेकिन फिलहाल शादी करने से इंकार करने लगा। इस पर मुफस्सिल थाने के पुलिसकर्मियों ने बुधवार को ही शादी करने का फरमान सुना दिया।
आननफानन में थाने परिसर में स्थित मंदिर के पुजारी को बुलाया गया और शाम को लड़का-लड़की की शादी का विधिवत रस्म शुरू हो गया।
इसी बीच मानपुर प्रखंड प्रमुख के पति अमित कुमार सिंह भी मौके पर पहुंच गये। उन्होंने बराती (पुलिस वाले) व सराती (लड़की पक्ष) के लिए मिठाईयां मंगवाई और दोनों पक्षों के बीच बांटे। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों से शादी के बाबत एक हलफनामा भी ले लिया, जिसमें दोनों पक्षों की ओर से शादी पर सहमति जतायी गयी।