2021/05/11

बिहार : गर्लफ्रैंड ने शादी के लिए बनाया दबाव, तो गुस्से में आशिक ने गला दबाकर मार डाला, पुलिस जांच में जुटी

DESK : बांका जिले के बाराहाट थाना क्षेत्र के हरिपुर गांव में प्रेम जाल में फंसा कर एक युवती की हत्या कर दी गई है। पहले रजौन के कठौन गांव की एक 19 वर्षीया युवती को प्रेम जाल में फंसाया फिर शादी करने के लिए दहेज की मांग करने लगा। 

जब युवती ने इनकार किया तो उसे शादी का प्रलोभन देकर अपने घर बुला लिया और उसकी हत्या की वारदात को अंजाम दे दिया। घटना रविवार रात को अंजाम दी गई। बाराहाट हरिपुर गांव स्थित डांड में सोमवार की सुबह युवती का शव बरामद होने के बाद मामला उजागर हुआ है।

जानकारी के मुताबिक हरिपुर गांव निवासी रविंद्र यादव के 25 वर्षीय पुत्र सोनु कुमार का प्रेम प्रसंग रजौन के कठौन गांव निवासी कृत्यानंद यादव की 19 वर्षीय पुत्री मंजु कुमारी से लंबे समय से चल रहा था। 


दोनों एक ही जाति के होने के कारण लड़की के परिजन भी इस प्रेम विवाह को कराये जाने को तैयार हो गए थे, लेकिन प्रेमी द्वारा दहेज के रूप में एक आपाची बाइक और 3 लाख रुपए की मांग की जाने लगी। 

जब लड़की के परिजन दहेज देने में असमर्थ हो गए तो लड़के ने दूसरी जगह अपना विवाह तय कर लिया, जिसके बाद लड़की अपने हक की आवाज उठानी शुरू की और जहां लड़के का विवाह तय था, वहां पहुंचकर पूरी जानकारी दे दी, जिसकी वजह से प्रेमी का विवाह टूट गया।

रविवार को प्रेमी ने कोर्ट मैरेज की बात कहकर अपनी प्रेमिका को कॉल कर अपने घर बुला लिया और उसकी हत्या की वारदात को अंजाम दे दिया। युवक ने गांव स्थित डांड में युवती के शव को फेंक दिया। 

सुबह ग्रामीण शौच करने के लिए गए तो शव को देखकर घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद थानाध्यक्ष शंकर दयाल प्रभाकर व पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेते हुए बाराहाट थाना लाया और घटना की सूचना परिजनों को देते हुए पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया। पुलिस ने युवक को भी गिरफ्तार कर लिया है। युवती के पिता के आवेदन पर बाराहाट थाने में युवक व उसके पिता पर मामला दर्ज कराया गया है।