2021/05/29

बिहार में युवती ने फांसी लगाकर दी जान,13 मई को होटल में हुई थी शादी ,पुलिस जांच में जुटी

GAYA : अभी शादी की मेहंदी छूटी भी नहीं थी कि नवविवाहिता ने ऐसा कदम उठा लिया जिसकी उम्‍मीद किसी को नहीं थी। बाराचट्टी थाना क्षेत्र के सरवां गांव में युवती ने फांसी लगाकर जान दे दी। बताया जाता है कि शादी किए जाने से नाराज होकर युवती ने ऐसा किया। परिवार में विवाद भी हुआ था। बहरहाल पुलिस ने शव को पोस्‍टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में यूडी केस दर्ज किया गया है।      

जानकारी के अनुसार झारखंड के हजारीबाग जिले के मुनगा बगीचा निवासी महेंद्र गुप्‍ता की पुत्री राध‍िका की शादी 13 मई को सरवां निवासी जगन्‍नाथ गुप्‍ता के पुत्र संयोग गुप्‍ता से हुई थी। झारखंड के बरही स्थित एक होटल में दोनों की शादी धूमधाम से हुई थी। स्‍वजनों का कहना है कि राधिका अपनी शादी से नाराज थी। शादी के बाद विदा होकर सरवां पहुंची लेकिन उसकी नाराजगी कम नहीं हुई। पति-पत्‍नी में आए दिन कहासुनी होने लगी। इस बात की जानकारी मायके वालों को भी थी।

शुक्रवार को भी पति से विवाद हुआ। इसके बाद उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया और फंदा लगाकर झूल गई। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर जब परिवार के लोगों ने कमरे में झांका तो अंदर का दृश्‍य देखकर सन्‍न रह गए। घर में कोहराम मच गया। उनकी चीखपुकार सुनकर गांव के लोग जुटे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। 

बाराचट्टी थाने की पुलिस ने पहुंचकर राधिका का शव फंदे से उतारा। इसके बाद उसे पोस्‍टमार्टम के लिए भेज दिया।  थानाध्यक्ष रामलखन पंडित ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल गया भेज दिया गया है। वही राधिक के मायके से पहुंचे उसके भाई कैलाश गुप्ता के बयान पर पुलिस ने यूडी केस दर्ज किया गया है।