2021/05/02

बिहार: कोरोना काल में अनोखी शादी! दुल्हा-दुल्हन ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए डंडे के सहारे एक दूसरे को पहनाई माला

BEGUSARAI : बिहार के बेगूसराय में कोरोना महामारी के बीच हुई एक शादी चर्चा का विषय बनी हुई. दरअसल इस शादी में दूल्हा दुल्हन ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए डंडे के सहारे से एक दूसरे को जयमाला की रस्म अदायगी की. हर तरफ इस शादी की चर्चा हो रही है. 


तेघरा थाना क्षेत्र तेघरा बाजार में गिरधारीलाल सुल्तानिया के पुत्र कृतेश कुमार की शादी बेगूसराय की ज्योति कुमारी के साथ 30 अप्रैल की रात हो रही थी। 

शादी में सरकारी गाइडलाइन का पालन करते हुए 50 लोगों की उपस्थिति में समारोह की शुरुआत हुई।  इस दौरान दूल्हा-दुल्हन ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए एक दूसरे को माला पहनाया। 

इसके बाद डंडे के सहारे जयमाला की रस्म अदायगी के बाद यह शादी चर्चा का विषय बन गया है। शादी में शामिल हुए लोग दूल्हा-दुल्हन की प्रशंसा कर रहे हैं।  कोरोना काल में सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क लगाने आदि के लिए सरकार ने गाइडलाइन जारी की है। ऐसे में इस तरह से शादी कर लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है।

दूल्हे का कहना है कि यह शादी उसके लिए यादगार रहेगी। खासकर डंडे की मदद से जयमाला करना हमेशा याद रहेगा।  वहीं, इसे स्थानीय लोगों ने इस शादी को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए यह शादी की गई है जो समाज को कोरोना गाइडलाइन का पालन करने के लिए प्रेरित भी करती है। 

बता दें कि बिहार सरकार ने कोरोना को देखते हुए फिलहाल शादियों के लिए 50 लोगों की ही अनुमति दी है। इसके पहले 100 और उसके भी पहले 200 लोगों की अनुमति थी। सरकार के साथ लोग भी इस दिशा में जागरूक हो रहे हैं।