2021/05/14

बिहार में 17 साल की लड़की ने घर में फांसी लगाकर दी जान,सुसाइड नोट बरामद, पुलिस छानबीन में जुटी

BHAGALPUR : भागलपुर में 17 साल की एक लड़की ने घर में फांसी लगा ली। उसके पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। लड़की ने यह सुसाइड नोट अपनी सहेली, अपने बॉयफ्रेंड और अपने परिवार के लिए लिखा है। 

इस सुसाइड को पढ़ना और समझना इसलिए भी जरूरी है कि मां-बाप आज के दौर के किशोरों की भावनाओं से वाकिफ हो सकें। इससे पहले जान लीजिए कि सुसाइड करने वाली लड़की का नाम शिवानी था, उसके बॉयफ्रेंड का नाम कुणाल, उसकी सहेली का अमृता और अमृता के बॉयफ्रेंड का नाम अमन था।

सुसाइड नोट में क्या है

शिवानी ने अपने सुसाइट नोट में जो कुछ लिखा था, उसका मतलब यह था कि 16 फरवरी बहुत बुरा दिन था, 23 फरवरी को मेरा बुरा दिन था और 12 मार्च भी वैसा ही दिन रहा। ये तीनों दिन उसके लिए क्यों बुरे दिन साबित हुए, यह बात स्पष्ट नहीं हो पाई।

शिवानी की अगली पंक्ति दर्द बयां कर रही थी, जिसमें उसने लिखा था कि अमृता आज मैं अपने प्यार और अपने परिवार को सिर्फ तुम्हारे और अमन की वजह से खो रही हूं। सब सिर्फ तुम्हारी वजह से मुझ पर शक कर रहे हैं। फिर यह पंक्ति शायद कुणाल के लिए थी, जिसमें उसने लिखा कि जान, मैं कहीं बिजी नहीं थी, इसी लड़की को दी थी फोन अपने बॉयफ्रेंड से बात करने के लिए। मैं तुम्हारी हूं तुम्हारी रहूंगी। आई लव यू। मैं तुमसे प्यार करती हूं।

फिर उसी पत्र में नीचे में उसने अपने परिजनों के लिए भी लिखा कि My lovely all family मैं कुणाल से दिल से प्यार करती थी। आपलोगों को वो पसंद नही था लेकिन मैं अपनी पूरी जिन्दगी उसके साथ बिताना चाहती थी। फिर अगली पंक्ति कुछ ऐसी थी जब शायद वह काफी परेशान हो गयी थी। आगे लिखा था- मैं आपलोगों को जान तुम्हें बहुत परेशान किये न, अब नहीं करेंगे। सब कोई खुश रहना। आई लव यू, आपकी शिवानी, बाय।

यह लिखकर उसने शायद सुसाइड नोट को जल्दबाजी में इस डर के साथ पूरा किया कि कोई आ न जाए और फिर कुछ अनसुलझे सवाल छोड़ कर फंदों से झूल गई।



सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के घाट रोड में नप वार्ड छह स्थित तांती टोला में गुरुवार को एक युवती ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका 17 वर्षीय शिवानी कुमारी के पिता संतोष तांती ने घटना की सूचना थाना पुलिस को दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने भेज दिया।

पिता ने पुलिस को आवेदन देकर यूडी केस दर्ज कराया है। इस घटना में किसी को दोषी नहीं ठहराया है। इधर अंचल पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष रतन लाल ठाकुर ने बताया कि सूचना मिली थी कि ताती टोला वार्ड 6 में शिवानी कुमारी नामक 17 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। घटनास्थल पर पहुंचने पर पाया कि शिवानी तीन मंजिले मकान के कमरे में मृत पड़ी थी। 

सुसाइड नोट मिलने की बात पूछे जाने पर बताया कि पुलिस को ऐसा कुछ नहीं मिला है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। मामले में यूडी केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम कराने भेज दिया गया है। 

दूसरी तरफ चर्चा है कि युवती ने आत्महत्या करने से पहले एक सुसाइड नोट लिखकर कमरे में छोड़ दिया था। सुसाइड नोट में कुणाल नाम के किसी युवक की चर्चा की गई है। जिससे उक्त युवती के प्रेम प्रसंग होने की बात सामने आई है। युवती के आत्महत्या कर लेने से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मां नूतन देवी सहित सबों का रो-रोकर बुरा हाल है।