MADHUBANI : मधुबनी में चार बच्चों के बाप को कथित तौर पर नाबालिग से शादी करना महंगा पड़ गया है। किसी ने इस शादी की सूचना चाइल्डलाइन को दे दी। इसके बाद चाइल्डलाइन ने स्थानीय पुलिस की मदद से युवक को नई नवेली दुल्हन के साथ मधवापुर से पकड़ लिया। दुल्हन जहां चाइल्डलाइन के संरक्षण में है, वहीं दूल्हे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
दूल्हे का कहना है कि लड़की बालिग है। उसकी मां भी उसे बालिग बता रही है लेकिन अबतक उसके बालिग होने का कोई प्रमाण पेश नहीं किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कुछ लोग इसे प्रेम-प्रसंग का मामला बता रहे हैं। हालांकि दूल्हा और दुल्हन की मां इससे मना कर रही है।
अधेड़ दूल्हे का नाम हरिशकंर साह है जो 45 साल का है। वह सीतामढ़ी जिले के सोनबरसा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोहरबा गांव का निवासी है। जबकि दुल्हन पड़ोसी देश नेपाल के सीमावर्ती गांव की रहने वाली है। पुलिस को दिए आवेदन में चाइल्डलाइन ने बताया कि आरोपी दूल्हा मधवापुर में किराए के मकान में रहता है।
आरोपी दूल्हा फेरी लगाकर इलाके में कपड़े बेचने का काम करता है। वो कपड़ा बेचने के लिए सीमावर्ती क्षेत्र में उस पार भी जाता था। इस दौरान उसने सात मई को मटिहानी गांव की लड़की से शादी कर ली। वह पहले से शादीशुदा है और चार बच्चों का बाप है। चाइल्डलाइन टीम ने प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए स्थानीय थाने में आवेदन दिया है।
गिरफ्तार दूल्हे का कहना है कि उसकी शादी लड़की के घरवालों की रजामंदी से हुई है। उसने बताया कि लड़की की मां विधवा है और मजदूरी करके परिवार चलाती है। उसकी तीन बेटियां हैं। दो की शादी हो चुकी है जबकि उसे तीसरी की चिंता हो रही है। इस दौरान जान-पहचान हुई और लड़की की मां की मर्जी से उसकी शादी हुई है।
Source - hindustan