2021/04/29

समस्तीपुर में बदमाशों ने घर में घुसकर युवक को मारी गोली, छानबीन में जुटी पुलिस

SAMASTIPUR : कल्याणपुर थाना क्षेत्र के वासुदेवपुर पंचायत अंतर्गत मनियारपुर गांव में बुधवार को दोपहर बाद हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर एक युवक को गोली मार दी। इसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जख्मी की पहचान वासुदेवपुर वार्ड 14 निवासी रामानंद साह के पुत्र राजेश साह (45) वर्ष के रूप में हुई है। 

स्थानीय लोगों के सहयोग से जख्मी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। उसके बाएं हाथ में गोली लगी है। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। वासुदेवपुर वार्ड 14 के राजेश साह मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं।  

बुधवार को दोपहर बाद घर के अंदर परिवार के सदस्यों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान करीब आघा दर्जन हथियारबंद बदमाश घर में घुस गए और मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर फायरिंग करते हुए जख्म कर दिया। गोली राजेश के बाएं हाथ में लगी। वह  चीखने चिल्लाने लगा। 

शोर शराबे की आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हुए। इस दौरान बदमाश पैदल खेत के रास्ते वासुदेवपुर की ओर भाग निकले। आनन फानन में लोग जख्मी को लेकर कल्याणपुर पीएसची अस्पताल ले गए।  जहां प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया।  सदर अस्पताल में जख्मी को उपचार कराया जा रहा है।

स्वजनो के अनुसार घटना से राजेश के पुत्र सोनू और दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद की वजह से दोस्त ने युवकों को बुलाकर पिता पर हमला कराया। घटना के बाद स्थानीय लोग दहशत में हैं। थानाध्यक्ष परमानंद लाल कर्ण ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। आरोपितों की पहचान कर अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।