JAMSHEDPUR : झारखंड के जमशेदपुर जिले के पटमदा थाना अंतर्गत पटमदा बस्ती के पास स्थित तालाब के पास खेत में 22 वर्षीय युवती के साथ 5 युवकों ने गैंगरेप किया। आरोपितों ने गैंगरेप की घटना को उस वक्त अंजाम दिया, जब युवती अपने प्रेमी के साथ तालाब किनारे बैठी थी।
इसी बीच पांचों युवक वहां आ पहुंचे और युवती के प्रेमी को मारपीट कर भगा दिया। आरोपियों ने युवती के प्रेमी की बाइक भी छीन ली। इसके बाद युवती का प्रेमी भागते हुए थाना पहुंचा और पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो पांचों आरोपी युवती को वहीं छोड़ मौके से भाग निकले थे। युवती के प्रेमी की बाइक भी पुलिस ने घटनास्थल से ही बरामद कर ली है।
पीड़िता के बयान पर थाना में पांचों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पटमदा थाना प्रभारी अशोक राम ने बताया कि पांच आरोपियों ने युवती के साथ गैंगरेप किया है। युवती अपनी प्रेमी के साथ बैठी थी। प्रेमी को भगा आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।