SAMASTIPUR : जिले में कोरोना का कहर अब लोगों पर टूटने लगा है। कोरोना के दूसरे चरण में पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए पिछले 24 घंटे में जिले के अलग-अलग प्रखंडों में कुल 246 नए संक्रमित मरीज सामने आए हैं।
डीपीआरओ ऋषव राज ने बताया कि जिले में पिछले 24 घंटे में 3864 लोगों की जांच कराई गई थी। इसके साथ ही जिले में एक्टिव संक्रमितों की संख्या 905 हो गई। इसमें ग्रामीण क्षेत्र के 807 व शहरी क्षेत्र के 98 लोग शामिल है। विगत 24 घंटे में 53 संक्रमित मरीज स्वस्थ हुए है। सभी पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में आए लोगों की पहचान की जा रही है।
फिलहाल 192 माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। कोरोना की चेन को तोड़ने को लिए सभी को कोविड-19 प्रोटोकाल का पालन करना होगा। कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर प्रत्येक दिन अलग-अलग स्थानों पर जांच को सैंपल लिया जा रहा है। समस्तीपुर प्रखंड में मिले सबसे अधिक संक्रमित
कोरोना जांच के दौरान समस्तीपुर ग्रामीण क्षेत्र में सबसे अधिक संक्रमित लोग मिले। जिला प्रशासन द्वारा जारी की गई रिपोर्ट से इसका खुलासा हुआ। समस्तीपुर शहरी क्षेत्र में 416 लोगों की जांच हुई। इसमें सात लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं समस्तीपुर प्रखंड अंतर्गत अलग-अलग गांव में 153 लोगों की जांच हुई। जिसमें 54 लोग संक्रमित मिले। फिलहाल प्रखंड क्षेत्र में कुल 160 मरीज संक्रमित है।