2021/03/26

एक कट्ठा जमीनी विवाद में खूनी संघर्ष, आधा दर्जन से अधिक लोग बुरी तरह जख्मी,हॉस्पिटल में भर्ती

SAHARSA :  जमीन विवाद में मारपीट आम बात हो गई है। महज एक कट्ठा जमीन के लिए खूनी संघर्ष का मामला प्रकाश में आया है। घटना जिले के सिमरीबख्तियारपुर थाना क्षेत्र के ब्लॉक रोड की है। जहाँ जमीनी विवाद में एक पक्ष के लोगों द्वारा दूसरे पक्ष के आधा दर्जन से अधिक लोगों को मारपीट कर बुरी तरह जख्मी कर दिया गया। फिलहाल सभी जख्मी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। 

जख्मी खुर्सीद आलम की माने तो एक जमीन में हिस्सा को लेकर गाँव के ही कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। उन्होंने बताया कि सीओ साहब द्वारा जनता दरबार में मामला सुलझाकर हमलोगों को घेराबंदी कर लेने का आदेश प्राप्त हुआ। 

जिसके बाद हमलोगों ने जमीन का घेराबंदी कर ग्रिल लगा दिया। कल शाम दूसरे पक्ष के लोगों द्वारा ग्रिल का ताला तोड़कर अंदर घुस जाने की सूचना मिली। जिसे देखने हमलोग वहाँ पहुँचे तो मौजूद 100 से 150 की संख्या में लोगों ने हमलोगों को घेरकर गाली-गलौज करना शुरू कर दिया और विरोध करने पर मारपीट की गई जिसमें 8 से 10 लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। 

जिसे इलाज हेतु सदर अस्पताल लाया गया वहीं जख्मी फैयाज आलम की माने तो एक कट्ठा जमीन के विवाद में एक पक्ष के लोगों द्वारा उनलोगों को लोहे का रड, लाठी-डंडा, दबिया, ईट-पत्थर से मारकर जख्मी कर दिया गया, जिसमें 8 से 10 आदमी बुरी तरह घायल हो गए। उक्त घटना की जानकारी जख्मी के परिजनों द्वारा स्थानीय पुलिस को दे दी गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

रिपोर्ट - रितेश हन्नी @ सहरसा