2021/03/25

बेगुसराय में रेल कर्मचारी को मार डाला,घर में घुसकर अपराधियों ने पेट में मारी गोली

BEGUSARAI : बेगूसराय में एक रेल कर्मचारी की हत्या कर दी गई। घटना बरौनी थाना क्षेत्र के रेलवे कॉलोनी की है। बुधवार देर रात 2 अपराधियों रेल कर्मचारी के सरकारी आवास (L-60/R) में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। 

घटना के बाद इलाके में सनसनी मच गई। आननफानन में परिजन घायल को अस्पताल ले जाने लगे लेकिन रास्ते में रेल कर्मचारी ने दम तोड़ दिया। इधर, घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

रेल पुलिस के अनुसार हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। अपराधियों की तलाश में छापेमारी चल रही है। 

मृतक की पहचान पटना के मोकामा थाना क्षेत्र के पचमहला निवासी सतीश चौधरी (45) के रूप में हुई। वह रेल विद्युत विभाग बरौनी में कार्यरत थे।

परिजनों के अनुसार सतीश चौधरी रोजाना की तरह बुधवार रात करीब 9 बजे ड्यूटी कर घर लौटे थे। करीब आधे घंटे बाद 2 अपराधी घर के बाहर से सतीश को पुकारने लगे। जब सतीश बाहर नहीं निकले तो अपराधी जबरन घर घुस गए। 

सतीश को देखते एक अपराधी ने उसके पेट में गोली मार दी और फरार हो गए। परिजनों का कहना है कि सतीश की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। किसने हत्या करवाई यह जांच का विषय है। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच करे और जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी करे।