2021/03/09

बड़ी खबर : डीएसपी ने फांसी लगाकर की खुदकुशी....पुलिस में मचा हड़कंप...जाँच में जुटी पुलिस

DESK : मध्य प्रदेश के धार जिले से एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां एक DSP अफसर ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद से पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। एफएसएल की टीम मौके पर पहुंचकर जांच करने में जुटी हुई है। बताया जाता है कि अधिकारी लंबे समय से डिप्रेशन में चल रहे थे।

मध्यप्रदेश के धार जिले के कुक्षी क्षेत्र के निवासी डीएसपी बीएस अहरवाल ने अपने निवास पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार को जब पुलिस को सूचना मिली तो वह उनके निवास पर पहुंची। अहरवाल डीएसपी के पद पर भोपाल में पदस्थ थे। 

जानकारी के मुताबिक, अहरवाल लंबे समय से छुट्टी पर भी थे और घटना के वक्त घर पर परिजन नहीं थे। उनके बेटे और पत्नी इंदौर में रहते हैं। पुलिस को फांसी लगने की सूचना तब मिली जब वे सोमवार देर शाम ग्राम के लोगों को दिखाई नहीं दिए। 

बताया जा रहा है कि नियमित रूप से शाम को घूमने के लिए निकलते थे। इस तरह से उनकी जब गतिविधि नहीं दिखाई दी तो लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। लोगों ने देखा की घर में फांसी के फंदे पर लटके हुए है।  

पुलिस ने मंगलवार को सुबह पोस्टमार्टम करवाया है और परिजनों को सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि अहरवाल डिप्रेशन में थे और इसी के चलते आत्महत्या की है। हालांकि, इस बारे में अभी तक आधिकारिक रूप से कोई पुष्टि नहीं हुई है। अभी तक इस बारे में पुलिस को कोई सुसाइड नोट या अन्य कोई सूचना भी नहीं मिली है।