2021/02/07

साइबर अपराधियों की खुली चुनौती...कलेक्टर, SP के फेसबुक अकाउंट को किया हैक

DESK : साइबर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गये हैं कि वे आम लोगों के साथ-साथ बड़े अफसरों को अपना शिकार बना रहे हैं. अब ताजा मामले में कोडरमा जिले के उपायुक्त रमेश घोलप और पुलिस अधीक्षक डॉ एहतेशाम वकारीब का निजी फेसबुक अकाउंट साइबर क्रिमनल्स ने हैक कर लिया है. इसके बाद साइबर अपराधी मैसेंजर के जरिए लोगों को मैसेज कर रहे हैं.

साइबर अपराधी इन दोनों के निजी फेसबुक अकाउंट हैक कर मैसेंजर के जरिये पैसे की मांग कर रहे हैं.कोडरमा उपायुक्त रमेश घोलप और एसपी डॉक्टर एहतेशाम वकारीब ने फेसबुक पर पोस्ट कर साइबर अपराधियों से सतर्क रहने की अपील करते हुए बताया है कि उनका फेसबुक अकाउंट हैक किया गया है इसलिए मैसेंजर पर कोई मैसेज आता है तो उस पर ध्यान न दें.

संबंध में उपायुक्त रमेश घोलप ने बताया कि साइबर अपराधियों द्वारा उनके फेसबुक अकाउंट को हैक किया गया था और मैसेंजर के जरिये लोगों से पैसे की मांग की जा रही थी जिसकी शिकायत कोडरमा एसपी को की गई है.वहीं कोडरमा एसपी एहतेशाम वकारीब ने कहा कि फेसबुक में शिकायत दर्ज करवा कर दोनों फर्जी अकाउंट को डिएक्टिवेट करवा दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है.