2021/02/08

SAMASTIPUR : पंचायत सरकार भवन का घटिया निर्माण पर रोक लगाने के लिए DM से लगाई गुहार

SAMASTIPUR : जिले के मोरवा प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बाजितपुर करनैल पंचायत सरकार भवन के निर्माण में घोर अनियमितता बरते जाने की शिकायत को लेकर भारत का छात्र फेडरेशन (एसएफआई)जिला मंत्री आनंद कुमार, छात्र नेता चंदन कुमार एवं समाजसेवी सहेंद्र कुमार ने एक आवेदन जिलाधिकारी व पंचायती राज पदाधिकारी को सैकड़ों स्थानीय ग्रामीण के हस्ताक्षर सहित सौंपा।

उक्त आवेदन में कहा गया है कि हम सब ग्राम पंचायत बाजितपुर करनैल के स्थानीय नागरिक हैं।पंचायती राज विभाग बिहार सरकार के प्रावधानों के अनुसार ग्राम पंचायत राज बाजीतपुर करनैल में पंचायत सरकार भवन का निर्माण हो रहा है।जिसको स्थानीय मुखिया अनीता देवी के देख-रेख में करवाया जा रहा है।

उक्त कार्य में बतौर अभिकर्ता स्थानीय मुखिया के भैंसुर राजन महतो द्वारा सरकारी मानकों एवं प्राक्कलन के बिल्कुल ही विपरीत निर्माण कार्य में घटिया गुणवत्ता वाली ईंट,बालू,सीमेंट एवं अन्य निर्माण सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है।इस कार्य में स्थानीय मुखिया के साथ-साथ अभियंता विमल कुमार की भी संलिप्तता है।

विदित हो कि उक्त घटिया निर्माण को लेकर स्थानीय नागरिकों ने दिनांक- 26 दिसंबर 2020 को स्थानीय मुखिया के समक्ष अपनी बात रखें तो स्थानीय मुखिया ने नागरिकों को दो टूक शब्दों में कह दिया कि हमको जैसा मर्जी होगा, हम वैसा ही सरकार भवन का निर्माण कराएंगे।आप लोग ज्यादा विरोध कीजिएगा तो आप सभी लोगों को अनुसूचित जाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत झूठा मुकदमा कर फंसा देंगे।

वर्तमान में भी स्थानीय मुखिया स्वेच्छाधारी तरीके से घटिया निर्माण सामग्री से पंचायत सरकार भवन का निर्माण बदस्तूर जारी रखे हुए हैं।जिस के संबंध में दिनांक- 27 दिसंबर 2020 को दैनिक समाचार पत्र में भी मुखिया के विरोध में स्थानीय लोगों का प्रतिरोध प्रकाशित हुआ था।जिसकी छाया प्रति आवेदन के साथ संलग्न किया गया है।ज्ञातव्य हो कि एसएफआई जिला मंत्री आनंद कुमार के नेतृत्व में चरणबद्ध तरीके से पिछले वर्ष दिसंबर माह में आंदोलन किया था।

वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार सिंह की रिपोर्ट