NAWADA : बिहार के नवादा में एक शराब तस्कर को पुलिस ने तीन कार्टून शराब के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब व कार जब्त करते हुए कार चालक को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान उसने शराब तस्करी से जुड़े कई राज खोले। पुलिस उसके बयान के आधार पर छापेमारी कर रही है।
कार से मिली शराब, चालक गिरफ्तार
मिली जानकारी के अनुसार नवादा के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के दरमनिया बाजार से सोमवार को गश्ती के दौरान सहायक दारोगा (ASI) निरंजन कुमार तथा उनके साथ गश्ती कर रहे पुलिस फोस ने एक अंबेसडर कार से तीन कार्टून देशी व विदेशी शराब बरामद किए। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार करते हुए शराब व कार को जब्त कर लिया।
पटना का रहने वाला है कार का मालिक
थानाध्यक्ष डॉ. नरेन्द्र प्रसाद ने बताया कि एएसआइ निरंजन कुमार ने सोमवार की सुबह गश्ती के दौरान गोविंदपुर दरमनिया बाजार में शक के आधार पर कार को रोका। जांच में उससे तीन कार्टून में देशी व विदेशी शराब बरामद किए गए। जब्त शराब सिगनेचर कंपनी के 750 एमएल की 10 बोतलें, किंगफिशर बीयर 500 एमएल की 56 बोतलें, चैम्पियन कम्पनी की 300 एमएल की देशी शराब की 14 बोतलें हैं। शराब के साथ गिरफ्तार कार चालक नन्दे राय अथमलगोला थाना क्षेत्र का निवासी है। कार का मालिक पटना जिला के बख्तियार थाना के चौहान गांव का विक्की सिंह है।
आरोपित ने पूछताछ में उगले कई राज
सूत्रों के अनुसार पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार चालक ने कई खुलासे किए। वह शराब कहां से कहां तक ले जा रहा था, इसकी जानकारी दी। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार चालक ने शराब तस्करी के रैकेट के बारे में जानकारी दी है। उसके बताए अनुसार पुलिस छापेमारी कर रही है।
चालक गया जेल, कार मालिक को खाेज जारी
थानाध्यक्ष ने बताया कि शराब के साथ गिरफ्तार चालक नन्दे राय पर शराब अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेज दिया गया तथा वाहन मालिक विक्की सिंह पर शराब अधिनियम के तहत एफआइआर दर्ज कर उनकी खोज की जा रही है।