2021/02/22

थाना पहुंची दुल्‍हन...दूसरी शादी को तैयार पति को सात फेरों के वादे याद दिलाने की लगाई गुहार

CHHAPARA : अपने पति से मिलने के लिए नवविवाहिता मोतिहारी के गांव से छपरा जिला के मढौरा पहुंची। मोतिहारी जिला के खजुरिया थानाक्षेत्र अंतर्गत डुमरीया निवासी प्रेमिका मढ़ौरा थाना पहुंचकर थानाध्‍यक्ष प्रशिक्षु डीएसपी राजीव कुमार से अपने पति को शादी की बात याद दिलवाने और उसके घर में रहने का हक की मांग की। उसने बताया कि पति शादी करके उसे भुला बैठा है और अब दूसरी शादी की तैयारी कर रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार छपरा जिला के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के सेमरहियां गांव निवासी त्रिलोकी प्रसाद का पुत्र बबलू कुमार असम कमाने गया था । वहां रहने वाले मोतिहारी के डुमरिया गांव के एक परिवार से उसकी दोस्ती हुई ।  

उसी परिवार की एक लड़की से प्रेम हो गया। दोनों का आपस में मिलना जुलना बढ़ा तो दोनों ने आपसी सहमति से असम के कोर्ट में स्टांप पेपर से रजिस्ट्रेशन कराके व मंदिर में जून 2018 में शादी कर ली। बबलू अपने गांव लौटने लगा तो वापस आने पर उसे अपने साथ ले चलने का वादा किया।

इधर गांव आने पर फिर वापस असम नहीं गया। दो महीने पहले तक मोबाइल पर बात करता था।  अब मोबाइल भी स्वीच ऑफ कर लिया।  बबलू के परिवार के लोग उसकी दूसरी शादी के लिए तिथि तय कर चुके हैं। 

यह बात जानकारी होने पर रविवार को युवती दुल्हन के वेश भूषा में अपने परिवार के सदस्यों के साथ स्थानीय थाने पहुंची और शादी करने के साक्ष्य के रुप में कागजात देकर ट्रेनी डीएसपी से अपने प्रेमी बबलू के घर में रखवाने का आग्रह की। ट्रेनी डीएसपी राजीव कुमार ने उसे महिला पुलिस कर्मियों के साथ भेज कर वहां रखवाने का निर्देश दिया.